
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर।एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप)-1 के प्रावधान लागू होने के बाद मुजफ्फरनगर में भी प्रदूषण नियंत्रण को लेकर संबंधित विभाग सक्रिय हो गए हैं। नगर निकाय, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए), प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से प्रदूषण कम करने के उपाय शुरू कर दिए गए हैं।
बुधवार को जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 250 से उपर पहुंचने के बीच प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने और ग्रेप-1 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विभागीय स्तर पर निगरानी की जा रही है। शहर की बड़ी निर्माण साइटों और भवनों पर हरे पर्दे लगाए गए हैं, इसमें होली एंजल्स स्कूल सहित कई ने हरे पर्दे लगा लिए, हँलाकी कुछ साइट अभी नियमों से भाग रही है। यह इसलिए किया ताकि निर्माण कार्य के दौरान धूल के फैलाव को कम किया जा सके। इससे आसपास के क्षेत्रों में धूल के प्रभाव को सीमित करने में मदद मिलेगी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी गीतेश चंद्र के अनुसार, ग्रेप-1 के अनुपालन को लेकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक की गई है। एमडीए से प्राप्त सूची के आधार पर बड़ी निर्माण साइटों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन साइटों पर नियमों का पालन शुरू हो गया है। विभागीय टीमें क्षेत्र में भ्रमण कर निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर रही हैं और धूल नियंत्रण के उपायों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Post Views: 86












Total views : 443526