
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: गांधीनगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी और नगरीय निकायों के नामित सभासदों के लिए एक भव्य परिचयात्मक बैठक व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता जिला प्रभारी सूर्यप्रकाश पाल, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने शिरकत की।


बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने की। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों, जिनमें 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 8 मंत्री शामिल रहें, जिनको पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही जिले की दो नगर पालिकाओं और आठ नगर पंचायतों के मनोनीत सभासदों का भी परिचय कराकर अभिनंदन किया गया।

जिला प्रभारी सूर्यप्रकाश पाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की असली ताकत है। डॉ. संजीव बालियान ने कार्यकर्ताओं के समर्पण को सफलता का आधार बताया, जबकि मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। पूर्व जिलाध्यक्ष देवव्रत वाजपेयी ने नसीहत दी कि कार्यकर्ताओं को व्यक्ति विशेष के बजाय केवल संगठन के प्रति समर्पित रहना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप सहित भारी संख्या में वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप सैनी और राकेश आडवानी ने संयुक्त रूप से किया।











Total views : 250839