
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं पर अब साइबर ठगों की नजर लग गई है। जिले में जुलाई माह में आयोजित हुई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कंपार्टमेंट परीक्षा के परिणाम आने से पहले ठग छात्रों के मोबाइल नंबरों पर कॉल कर पास कराने का लालच दे रहे हैं। लखनऊ और प्रयागराज शिक्षा विभाग के अधिकारी या कॉपी जांचने वाले शिक्षक बनकर ठग 60 प्रतिशत अंक दिलाने के एवज में आठ हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
ताजा मामला मीरापुर स्थित एसडी इंटर कॉलेज का है, जहां कई छात्रों के पास ऐसी ठगी की कॉल आईं। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विकास शर्मा ने सतर्कता दिखाते हुए खुद एक छात्र के अभिभावक बनकर ठग से बात की। कॉलर ने पहले आठ हजार रुपये की मांग की, लेकिन सौदेबाज़ी के बाद वह तीन हजार रुपये में अंक बढ़ाने पर तैयार हो गया। प्रधानाचार्य ने इस बातचीत की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रख ली है और अन्य स्कूलों के छात्रों को भी ऐसी कॉल आने की पुष्टि की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) हरिकेश यादव को सूचित किया गया है। डीआईओएस हरिकेश यादव ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस तरह की किसी भी फर्जी फोनकॉल के झांसे में न आएं और न ही कोई भुगतान करें। शासन की ओर से भी इस संबंध में पहले ही चेतावनी और जागरूकता निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
Post Views: 37












Total views : 393663