
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों आगे आ रहे है। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी और क्रांतिसेना ने अलग-अलग प्रदर्शन कर शंकराचार्य के विरुद्ध दर्ज प्रकरण को एक गहरी साजिश करार दिया और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम डीएम उमेश मिश्रा को ज्ञापन दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतपाल कटारिया के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसियों ने मांग की कि शंकराचार्य के खिलाफ पॉक्सो प्रकरण की जांच पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सत्ता पक्ष सत्य की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है और सही बात सुनना नहीं चाहता। इस दौरान जिलाध्यक्ष सतपाल कटारिया, अनिल कुमार, देशपाल पांचाल आदि मौजूद रहे।
वहीं क्रांतिसेना के बैनर तले सैकड़ों पदाधिकारियों ने प्रकाश मार्केट स्थित कार्यालय पर एकत्र होकर शंकराचार्य को बदनाम करने की साजिश के खिलाफ हुंकार करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह सनातन धर्म के सर्वोच्च पद को कलंकित करने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी साजिश के पीछे एक गोतस्कर का हाथ है, जिसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदर्शन के बाद क्रांतिसेना ने भी अपना मांग पत्र प्रशासन को सौंपा। इस दौरान नरेंद्र ठाकुर सोनू पाही वाल, महिला मोर्चा से पूनम चाहल, सुमन प्रजापति, उज्ज्वल पंडित ललित रूहेला, शैलेंद्र विश्वकर्मा अरविंद कौशिक मिथिलेश गिरी सविता गौतम अनीता प्रजापति आदि मौजूद रहे।
Post Views: 44













Total views : 222779