मुजफ्फरनगर पालिका में बदले नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अतुल कुमार हटे


LP Live, Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर नगर पालिका में नगर स्वास्थ्य अधिकारी बदले गए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के आग्रह पर अतुल कुमार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह स्वास्थ्य विभाग में तैनात अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अशोक कुमार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। पिछले दिनों नगर स्वास्थ्य अधिकारी को छुट्टी नहीं मिलने पर शुरू हुए नगर पालिका में विवाद को लेकर यह कार्रवाई हुई है।

पिछले दिनों नगर पालिका में तैनात नगर स्वास्थ्य अधिकारी अतुल कुमार को छुट्टी नहीं मिलने पर उनकी पत्नी ने डीएम उमेश मिश्रा को फोन कर दिया था, जिसमें उनकी पत्नी ने डीएम को शिकायत की थी कि उन्हें छुट्टी नहीं दी जा रही है, जबकि उनका स्वास्थ्य खराब है। इसके बाद से नगर पालिका में उनको लेकर विवाद शुरू हो गया। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप में नगर स्वास्थ्य अधिकारी को हटाने के लिए सीएमओ से भी वार्ता की थी। सीएमओ महावीर सिंह फौजदार ने डॉ. अतुल कुमार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार को नगर पालिका में नगर स्वास्थ्य अधिकारी पद की जिम्मेदारी है। डॉ अशोक कुमार ने सोमवार को अध्यक्ष, नगर पालिका के समक्ष पेश होकर पदभार ग्रहण किया है।
