
लोकपथ लाइव, लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्रांति और वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे की कड़ी में बुधवार को एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) में वैश्विक दिग्गज ‘बॉल कॉर्पोरेशन’ की नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का शिलान्यास किया।
2,900 करोड़ रुपये से अधिक के भारी-भरकम निवेश से स्थापित होने जा रही एल्युमिनियम बेवरेज कैन की इस विश्वस्तरीय इकाई के भूमिपूजन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कंपनी की पूरी टीम का आभार जताते हुए कहा कि यह प्लांट ‘आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ और ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की विकास यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। प्रदेश में आ रहे निवेश की निरंतरता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ ही दिन पहले सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के नए प्लांट का भूमिपूजन हुआ, दो दिन पूर्व ताइवान की क्रिएटिव सेंसर के साथ 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर सार्थक संवाद हुआ और आज मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन का शिलान्यास हो रहा है, जो यूपी के प्रति बढ़ते वैश्विक विश्वास का जीवंत प्रमाण है।
मेरठ के औद्योगिक कायाकल्प पर प्रकाश डालते हुए सीएम योगी ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए एक ‘एंकर यूनिट’ के रूप में कार्य करेगी, जिससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग सप्लायर्स, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग पार्टनर्स के लिए व्यापार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि ओडीओपी स्पोर्ट्स गुड्स के लिए विश्व प्रसिद्ध मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण भी हो रहा है और अब पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ मेरठ एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है। बॉल कॉर्पोरेशन द्वारा मेरठ के चयन को दूरदर्शी निर्णय बताते हुए उन्होंने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर व यीडा क्षेत्र, जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की पहुंच मेरठ को वर्ल्ड-क्लास मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी प्रदान करते हैं। भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स और रेडी-टू-ड्रिंक बेवरेज के तेजी से बढ़ते बाजार के बीच यह लोकेशन कंपनी को अपने ग्राहकों के निकट रहकर पूरे भारत व वैश्विक बाजार में विस्तार करने का सुनहरा अवसर देगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बीते साढ़े नौ वर्षों की आर्थिक व औद्योगिक छलांग का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कभी ‘बीमारू’ कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश का बजट, जीएसडीपी, प्रति व्यक्ति आय और महिला श्रम बल भागीदारी आज 2017 के मुकाबले तीन गुना हो चुकी है। आज यूपी ₹2 लाख करोड़ से अधिक के वार्षिक कैपेक्स के साथ देश का अग्रणी रेवेन्यू सरप्लस राज्य है और देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। औद्योगिक विकास के आंकड़े साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 2017 तक 70 वर्षों में प्रदेश में केवल 14,000 फैक्ट्रियां ही लग पाई थीं, जबकि डबल इंजन सरकार ने मजबूत कानून-व्यवस्था, सीमलेस कनेक्टिविटी और समर्पित लैंड बैंक के दम पर साढ़े नौ वर्षों में 21,000 से अधिक नई फैक्ट्रियां स्थापित कीं, जिससे आज प्रदेश 35,000 से अधिक फैक्ट्रियों के साथ देश का इंडस्ट्रियल पावरहाउस बन गया है। उन्होंने बताया कि देश की 55 प्रतिशत मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का उत्पादन यूपी में हो रहा है। बीते साढ़े नौ वर्षों में मिले ₹50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों में से ₹15 लाख करोड़ धरातल पर उतर चुके हैं और आगामी इन्वेस्टर्स समिट में ₹7.50 लाख करोड़ की ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 करोड़ एमएसएमई इकाइयां, 25,000 से अधिक स्टार्टअप्स, एफडीआई एवं फॉर्च्यून-500 नीति सहित 36 सेक्टोरल पॉलिसीज, 75,000 एकड़ का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक और सिंगल विंडो पोर्टल ‘निवेश मित्र’ ने यूपी को ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में अग्रणी बनाया है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बॉल कॉर्पोरेशन से स्थानीय एमएसएमई से सोर्सिंग बढ़ाने, स्किल डेवलपमेंट में सहयोग करने और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने का आग्रह करते हुए पूरे प्रोजेक्ट लाइफ साइकिल में सरकार के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बॉल कॉर्पोरेशन के सीएफओ (ईएमईए) फिल हॉकेन, डायरेक्टर अजीत शर्मा सहित शासन स्तर के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Post Views: 33












Total views : 459171