
दिनदहाड़े बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, पुरानी रंजिश की आशंका
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में रविवार को दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए। बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने घर के बाहर बैठे पिता-पुत्र को निशाना बनाते हुए उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंभीर रूप से घायल दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से गांव में कोहराम मच गया। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।


घर के बाहर बैठे पिता-पुत्र पर ताबड़तोडृ बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, पुरकाजी थाना क्षेत्र के खादर इलाके में स्थित दादूपुर गांव में रविवार को पिता-पुत्र अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए दोनों को निशाना बनाकर बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने घायल पिता-पुत्र को संभालने का प्रयास किया।

अस्पताल में डाक्टरों ने किया मृत घोषित
गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े थे। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पिता-पुत्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल और अस्पताल पहुंचने लगे। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में गुस्से और तनाव का माहौल बन गया।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जुटाई गई हैं।
एसएसपी समेत मौके पर पहुंचे आला अफसर
दो लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के आला अधिकारी कई थानों की फोर्स के साथ तत्काल दादूपुर गांव पहुंचे। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से खाली कारतूस और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों का जायजा लेते हुए वारदात से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई।
तनाव के बीच गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात
पिता-पुत्र की हत्या के बाद गांव में तनाव और आक्रोश की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पीएसी को भी मौके पर लगाया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
हत्यारों की तलाश पुलिस की कई टीमें जुटी
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही वारदात से जुड़े संभावित सुराग खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और हत्याकांड का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। दादूपुर में दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे पुरकाजी क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।











Total views : 457920