
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर/ शुकतीर्थ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख डा. मोहन भागवत रविवार शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ स्थित श्री शुकदेव आश्रम पहुंचे। आश्रम पहुंचने पर पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज, ट्रस्ट अध्यक्ष एमएल रंगा, महामंत्री केके विज, विधिक सलाहकार बीबी सिंह, रमेश मलिक और ओमदत्त आर्य ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद संघ प्रमुख समाधि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने महान संत एवं शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव महाराज की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर शुकदेव गुरुकुल संस्कृत विद्यालय के 11 बटुक विद्यार्थियों ने शंखनाद कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जबकि आचार्य गिरिश्चंद उप्रेती, अचल कृष्ण शास्त्री, सुमन कृष्ण शास्त्री और आशीष शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार किया। डा. भागवत ने संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद भी किया। इसके उपरांत वे आश्रम परिसर स्थित ताऊ देवीलाल भवन पहुंचे, जहां दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से आए संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श हुआ।
सोमवार सुबह हवन-यज्ञ में भाग लेंगे संघ प्रमुख
आश्रम ट्रस्टी ओमदत्त आर्य ने बताया कि सोमवार सुबह 9 बजे संघ प्रमुख राष्ट्र कल्याण, सुख-समृद्धि एवं मानव कल्याण की कामना के साथ आश्रम की यज्ञशाला में आयोजित हवन-यज्ञ में आहुति देंगे। इसके बाद वे वेदव्यास मंदिर का लोकार्पण करेंगे तथा प्राचीन अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा व शुकदेव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। तत्पश्चात डोगरे भागवत भवन पहुंचकर भागवत कथा भवन का लोकार्पण करेंगे और दीप प्रज्वलित कर विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में आमंत्रित साधु-संतों, आचार्यों एवं शिक्षकों को संबोधित किया जाएगा तथा पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज का उद्बोधन होगा। इस अवसर पर अभिनंदन ग्रंथ का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद संघ प्रमुख स्मृति गैलरी का अवलोकन करेंगे और आश्रम में भोजन व ट्रस्ट पदाधिकारियों से भेंट के पश्चात दोपहर एक बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
काऊ देवी भवन में रात्रि विश्राम, कुटिया में होगा भोजन: कड़ी सुरक्षा के बीच शुकतीर्थ पहुंचे संघ प्रमुख डा. मोहन भागवत का रात्रि विश्राम आश्रम स्थित काऊ देवी भवन में हुआ, जहां संघ के अन्य पदाधिकारी भी ठहरे। उनके भोजन की विशेष व्यवस्था स्वामी ओमानंद महाराज की कुटिया में ही कराई गई। भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम भी मौके पर तैनात रही।
डीएम-एसएसपी ने किया स्वागत: संघ प्रमुख के आगमन पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। स्वागत के लिए डीएम सुनील कुमार सिंह, एसएसपी सूरज कुमार राव और जानसठ एसडीएम रश्मि लांबा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने फूलों के बुके भेंट कर स्वागत करना चाहा, लेकिन डा. मोहन भागवत ने हाथ जोड़कर सभी का अभिनंदन स्वीकार किया और बुके लेने से विनम्रतापूर्वक मना कर दिया।
Post Views: 96












Total views : 457894