
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शासन के बेसिक शिक्षा अनुभाग-1 द्वारा सोमवार, 16 नवंबर 2026 को प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) की स्थानांतरण सूची जारी की गई है। इस शासनादेश का सीधा असर मुजफ्फरनगर जनपद पर भी पड़ा है, जहां से कुल 5 खंड शिक्षा अधिकारियों को अन्य जनपदों में स्थानांतरित किया गया है, जबकि उनके स्थान पर विभिन्न जिलों से 5 नए खंड शिक्षा अधिकारियों को मुजफ्फरनगर में नवीन तैनाती दी गई है।
इनका इन जिलों में हुआ तबादला
शासन द्वारा जारी आदेशानुसार, मुजफ्फरनगर जनपद में तैनात 5 खंड शिक्षा अधिकारियों का तबादला मंडल के ही अन्य जनपदों सहारनपुर और शामली में किया गया है। इनमें से 3 अधिकारियों को सहारनपुर और 2 अधिकारियों को शामली भेजा गया है। मुजफ्फरनगर से स्थानांतरित होने वाले अधिकारियों की सूची में दर्ज किरण यादव को मुजफ्फरनगर से शामली भेजा गया है। वहीं, राकेश कुमार गौड़ को सहारनपुर, संजय भारती को शामली, अमरवीर सिंह को सहारनपुर और ध्यानचंद्र को मुजफ्फरनगर से सहारनपुर जनपद के लिए स्थानांतरित किया गया है।
मुजफ्फरनगर को मिले नए खंड शिक्षा अधिकारी
दूसरी ओर, मुजफ्फरनगर की शिक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए शासन ने गैर जनपदों से 5 खंड शिक्षा अधिकारियों को मुजफ्फरनगर भेजा है। जिले में आने वाले इन 5 अधिकारियों में से 3 शामली से, 1 सहारनपुर से और 1 बिजनौर जनपद से स्थानांतरित होकर आए हैं। नवीन तैनाती पाने वाले अधिकारियों में सहारनपुर से स्थानांतरित हुए वीरेंद्र शर्मा को मुजफ्फरनगर भेजा गया है। इसके अतिरिक्त शामली जनपद से तीन अधिकारियों कुमारी प्रिंसी, राहुल धामा और सुशील कुमार शर्मा को मुजफ्फरनगर में तैनाती मिली है। वहीं, आदेश क्रमांक 341 पर बिजनौर जनपद में तैनात रहीं अमरेश कुमारी का तबादला भी मुजफ्फरनगर जनपद के लिए किया गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल के बाद अब जल्द ही स्थानांतरित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस तबादले को विभाग में प्रशासनिक पारदर्शिता और शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Post Views: 138












Total views : 455603