
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनग के विद्यालयों व कालेजों में बाल दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न विद्यालयों में बाल प्रतियोगिताएं कराई गई, जिसमें शिक्षिकों ने भी भाग लिया। बच्चों को पुररूकृत किया। इस अवसर पर चाचा नेहरू के नाम से बच्चों के दिलों में जगह बनाने वाले पंडित जवाहर लाल नेहरू को श्रद्धांजलि दी गई।
जीडी गोयनका में उत्साह से मना बाल दिवस
जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने-अपने कक्षा अध्यापकों के साथ केक काटकर बाल दिवस की खुशियाँ साझा कीं। कार्यक्रम का मंच संचालन राहुल शर्मा ने किया। विद्यालय dh प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा एवं उपप्रधानाचार्या अंजली आनंद ने शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की। सम्पूर्ण कार्यक्रम उत्साह, उमंग एवं आनंदपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
आइडियल किड्स स्कूल में चाचा नेहरू को किया नमन


नई मंडी स्थित आइडियल किड्स स्कूल में बाल दिवस पर नन्हें-मुन्ने बच्चों ने चाचा नेहरू के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान आयोजित मैजिक शो, खेलकूद प्रतियोगिताओं और नृत्य ने बच्चों का मन मोह लिया, जिन्हें विद्यालय की ओर से उपहार भी प्रदान किए गए। निदेशक पी.के. जैन ने बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाने का संकल्प दोहराया।
गोल्डन पब्लिक स्कूल में प्रतियोगिता
गोल्डन पब्लिक स्कूल के प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें आहिल, आदिश्री, अक्ष, यशी सिंह आदि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। खो-खो का फाइनल मुकाबला कर्म योग हाउस और वॉलीबॉल का ज्ञान योग हाउस ने जीता। प्रधानाचार्या पूनम वर्मा व उपप्रधानाचार्य राजीव कुमार ने विजेताओं को सम्मानित किया।

एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
एसडी कालेज में एमबीए, एमसीए एवं डीएलएड विभागों द्वारा संयुक्त रूप से बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्राचार्या बबली तोमर ने पं. जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण किया, जबकि छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, कविता पाठ किया और केक काटकर जयंती मनाई। संचालन प्रशांत तोमर ने किया।
तस्मिया जूनियर हाई स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता
तस्मिया जूनियर हाई स्कूल में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद, बाल दिवस एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम संपन्न हुआ। पहले दिन विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों ने दमखम दिखाया, वहीं दूसरे दिन मुख्य अतिथि महिला उपनिरीक्षक झिलमिल बंसल ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। अंत में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
नचिकेता स्कूल्स में हुई प्रतियोगिता
नचिकेता स्कूल्स में बाल दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया, जहाँ बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक और रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित हुईं। उप-प्रधानाचार्या जसबीर कौर और विक्की जैन ने बच्चों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। विद्यालय का पूरा वातावरण बच्चों की खुशियों से सराबोर रहा।
पुलिस मार्डन स्कूल में एसपी क्राइम ने बच्चों को किया पुरस्कृत
वामा सारथी के तत्वावधान में पुलिस मॉडर्न स्कूल में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नोडल अधिकारी व पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर 41वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद में आयोजित इंटर स्कूल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले मेधावियों में चित्रांश (शतरंज), अनन्या (मंडाला आर्ट), शिवांशी (थ्रस्टी क्रो स्टोरी), तनिष्का (कैलीग्राफी), युवराज (स्पेल क्विज), लविन (मैथ क्विज) और विधि (अंग्रेजी भाषण) शामिल रहे। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना रहा।
Post Views: 80











Total views : 453621