Select Language :

Home » स्वास्थ्य » मुजफ्फरनगर में हांसी से हरिद्वार जाती कार डिवाइडर से टकराकर बनी आग का गोला: दो सगे भाईयों समेत छह युवकों की जिंदा जलकर मौत

मुजफ्फरनगर में हांसी से हरिद्वार जाती कार डिवाइडर से टकराकर बनी आग का गोला: दो सगे भाईयों समेत छह युवकों की जिंदा जलकर मौत

जागाहेड़ी के पास तड़के हुआ दिल दहला देने वाला हादसा, हुंडई ऑरा कार पलटते ही लगी आग
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी गांव के समीप हरियाणा के हांसी जिले में गांव राखी गढ़ी से  हरिद्वार जा रही हुंडई ऑरा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलट गई और देखते ही देखते आग का गोला बन गई। कार में सवार छह युवकों की आग में जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी भी यात्री को कार से बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

How to Make a News Portal

डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, कुछ ही पलों में धधक उठी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा में हांसी जिले के राखी गढ़ी और मोठ करनैल गांव के रहने वाले छह युवक हुंडई ऑरा कार में सवार होकर हरिद्वार की ओर जा रहे थे। सोमवार देर रात उनकी कार तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी गांव के पास पहुंची। इसी दौरान अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के तुरंत बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कार के अंदर बैठे यात्रियों को संभलने और बाहर निकलने तक का अवसर नहीं मिला। कुछ ही देर में कार आग की लपटों से घिर गई और उसमें सवार सभी छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

आग की लपटें देखकर सहम गए राहगीर, दमकल ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे राहगीरों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तत्काल तितावी थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए कार में लगी भीषण आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस और बचाव दल ने कार के क्षतिग्रस्त ढांचे से शवों को बाहर निकाला। आग इतनी भयानक थी कि सभी शव बुरी तरह झुलस चुके थे। हादसे का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की कार्रवाई की।

छह मृतकों की हुई पहचान, दो सगे भाइयों की भी गई जान
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में दो सगे भाई शामिल हैं। बताया गया कि राहुल और अंकित पुत्र समुन्द्र सगे भाई थे। दोनों की एक साथ हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं साहिल पुत्र सोमकुमार कार चला रहा था। वह गुरुग्राम में एक निजी कंपनी के लिए किराये पर गाड़ी चलाने का काम करता था।

मृतकों में शामिल युवक
1. अजय पुत्र शमशेर (22 वर्ष) निवासी ग्राम मोठसिंह, हरियाणा।
2. अमन पुत्र रामफल (19 वर्ष) निवासी ग्राम मोठसिंह, हरियाणा।
3. अंकित पुत्र राजेश (23 वर्ष) निवासी राखी गढ़ी, हरियाणा।
4. राहुल पुत्र समुन्द्र (21 वर्ष) निवासी राखी गढ़ी, हरियाणा।
5. अंकित पुत्र समुन्द्र (19 वर्ष) निवासी राखी गढ़ी, हरियाणा।
6. साहिल पुत्र सोमकुमार (22 वर्ष) निवासी राखी गढ़ी, हरियाणा।

गुरुग्राम में किराये पर गाड़ी चलाता था साहिल
हादसे में जान गंवाने वाला साहिल गुरुग्राम में निजी कंपनी के लिए किराये पर कार चलाता था। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग हरिद्वार की ओर जा रहे थे। रास्ते में मुजफ्फरनगर के जागाहेड़ी के पास यह भयावह दुर्घटना हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना देने और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई की गई।

एसपी देहात और सीओ फुगाना ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
छह लोगों की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी देहात संजय महाडिक और सीओ फुगाना भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और बचाव कार्य की जानकारी ली। साथ ही थाना पुलिस को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। तितावी थाना प्रभारी जयबीर सिंह ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर मृतकों की पहचान की गई है। उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री ने हादसे का लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है। मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने हेतु भी आदेश दिए हैं।

छह परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
जागाहेड़ी के पास हुए इस दर्दनाक हादसे ने छह परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया। हरिद्वार की यात्रा पर निकले युवकों को शायद अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। एक ही कार में सवार छह लोगों की एक साथ मौत की खबर से क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है। हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और दुर्घटना के बाद वाहनों में आग लगने से बचाव के उपायों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 8 1 3 1 7
Total views : 450063

Follow us on