
दार्जिलिंग हिमालय में 35वें संस्करण का सफल समापन, महिला वर्ग में अमेरिका की एनी विलियम्स ने हासिल किया पहला स्थान
लोकपथ लाइव, दार्जिलिंग: विश्व के सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित साहसिक खेल आयोजनों में शामिल ‘हिमालयन रन एंड ट्रेक इंटरनेशनल एनुअल इवेंट्स’ (हिमालयन 100 माइल स्टेज रेस) के 35वें संस्करण का दार्जिलिंग के सुरम्य पर्वतीय अंचल में सफलतापूर्वक समापन हो गया। 29 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक आयोजित इस कठिन प्रतियोगिता में भारत सहित यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका, चिली, मेक्सिको और यूक्रेन के दिग्गज एथलीटों ने हिस्सा लिया। माउंट एवरेस्ट और कंचनजंघा की राजसी पर्वत श्रृंखलाओं की छाया में आयोजित यह प्रतियोगिता चुनौतीपूर्ण चाय बागानों, घने जंगलों और ऊबड़-खाबड़ दुर्गम पर्वतीय रास्तों से होकर गुजरी। पुरस्कार वितरण के बाद सभी अंतरराष्ट्रीय धावक अपनी-अपनी मंजिलों की ओर रवाना हुए।


100 माइल रेस: यूके और अमेरिका का दबदबा
पुरुष वर्ग: यूके के डंकन कुटेंडेन ने 24 घंटे 44 मिनट का शानदार समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया और प्रतिष्ठित ‘संत नागपाल बाबा स्मृति पुरस्कार’ पर कब्जा जमाया। चिली के जूलियो डोसाल (28 घंटे 44 मिनट) दूसरे और भारत के कर्नल मनदीप मान (29 घंटे 10 मिनट) तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग: अमेरिका की एनी विलियम्स ने 32 घंटे 20 मिनट में दौड़ पूरी कर स्वर्णिम सफलता प्राप्त की। भारत की शारदा कुलकर्णी (32 घंटे 50 मिनट) दूसरे और यूके की सूड फेमफोर्ट (34 घंटे 58 मिनट) तीसरे स्थान पर रहीं।

100 किलोमीटर स्टेज रेस: भारत और मेक्सिको का जलवा
पुरुष वर्ग: भारत के रमनजीत ओबेरॉय ने 17 घंटे 33 मिनट का समय लेकर पहला स्थान झटका। चिली के क्रिस्टियन सिवेकिंग (18 घंटे 40 मिनट) दूसरे तथा भारत के कर्नल के. थम्मैया उडुपा (18 घंटे 59 मिनट) तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग: मेक्सिको की नाहिला हर्नांडेज़ 14 घंटे 48 मिनट के साथ शीर्ष पर रहीं। मेक्सिको की ही मेत्ज़ेटली इटुर्बे (15 घंटे 50 मिनट) दूसरे और चिली की कारोला क्रूज़ (16 घंटे 36 मिनट) तीसरे स्थान पर रहीं।
विशेष पुरस्कार एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन
वरिष्ठ वर्ग की ट्रॉफी चिली के क्रिस्टियन सिवेकिंग और भारत की पुष्पा राव को प्रदान की गई। वहीं, 25 वर्षीया मैत्री मनराल को सबसे कम उम्र की प्रतिभागी के रूप में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण और साहसिक पर्यटन का वैश्विक संदेश
आयोजन के संस्थापक एवं निदेशक चंद्रशेखर पांडेय ने बताया कि इस वार्षिक प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य केवल एथलेटिक्स स्पर्धा कराना नहीं, बल्कि भारतीय हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक धरोहर और पर्यावरण संरक्षण का संदेश वैश्विक स्तर पर पहुँचाना है। समापन समारोह में एसएसबी महानिरीक्षक वंदन सक्सेना के प्रतिनिधि के रूप में कमांडेंट नवीन कुमार और जीटीए पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सूरज प्रधान बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।











Total views : 447915