
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। खाद्य विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खोया, रस भरी और चॉकलेट के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। इस दौरान जौली रोड स्थित नेहा मिष्ठान भंडार पर भंडारण में लापरवाही सामने आई। यहां बिक्री के लिए रखी करीब 220 किलो रस भरी में कीड़े पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पूरी खेप मौके पर ही नष्ट करा दी।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय अर्चना धीरान तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कस्बा कूकड़ा स्थित गोपाल जी स्वीट्स से खोया का एक नमूना जांच के लिए लिया। इसके बाद जौली रोड स्थित नेहा मिष्ठान भंडार पर पहुंचकर खाद्य कारोबारकर्ता जगदीश से रस माधुरी का नमूना संग्रहित किया। प्रतिष्ठान पर भंडारित करीब 220 किलो रस भरी में कीड़े मिलने और भंडारण में लापरवाही पाए जाने पर उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
वहीं, सोशल मीडिया पर चॉकलेट से संबंधित शिकायत मिलने के बाद टीम ने नगर पालिका क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड के प्रतिष्ठान से कैडबरी बॉर्नविले ब्रांड की चॉकलेट का एक नमूना भी जांच के लिए लिया।
खाद्य विभाग ने तीनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार मौजूद रहे।
Post Views: 61












Total views : 447669