
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। क्रीड़ा भारती संगठन में मुजफ्फरनगर जनपद को नई टीम मिली है। चंद्रशेखर राणा को संगठन का जिला मंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि विराज तोमर को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई कार्यकारिणी की घोषणा बिजनौर के कीरतपुर में आयोजित मेरठ प्रांत के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग एवं प्रांत सम्मेलन के दौरान की गई। नई जिम्मेदारियां मिलने पर कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।
नवनियुक्त जिला मंत्री चंद्रशेखर राणा ने बताया कि क्रीड़ा भारती की ओर से कीरतपुर में दो दिवसीय प्रांत प्रशिक्षण वर्ग एवं प्रांत सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें मेरठ प्रांत के अंतर्गत आने वाले 14 जिलों से संगठन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों के साथ भारत माता अर्चना कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भारत माता के चित्र के समक्ष 100 दीप प्रज्वलित कर नमन किया गया। सम्मेलन के समापन सत्र में मंत्री जसवंत सिंह सैनी उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान मुजफ्फरनगर जिले की नई कार्यकारिणी की घोषणा क्रीड़ा भारती के क्षेत्रीय सह संयोजक संदीप त्यागी ने की। इसमें विराज तोमर को जिला अध्यक्ष, चंद्रशेखर राणा को जिला मंत्री, अरुण धीमान और गौरव सांगवान को जिला उपाध्यक्ष, प्रमोद धीमान को संरक्षक, अंकित चहल को सहमंत्री तथा विजय तोमर को युवा प्रमुख का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम में संगठन के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख दीपक, प्रांत मंत्री राजन भारद्वाज, प्रांत सहमंत्री ललित और प्रांत प्रचार प्रमुख मुकेश चौधरी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। नई कार्यकारिणी के गठन से संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद जताई गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की जिम्मेदारियों का निष्ठा से निर्वहन करने और खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कार्य करने की बात कही।
Post Views: 149












Total views : 445194