
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) द्वारा बोर्ड परीक्षाओं की तिथियां घोषित करने के बाद अब मुजफ्फरनगर जिले में परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। जिले में आगामी 5 फरवरी से प्रस्तावित बोर्ड परीक्षाओं के लिए इस बार 70 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। केंद्रों के नामों के साथ उनमें छात्र आवंटन की सूची भी बोर्ड के पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है।
28 अक्टूबर तक दर्ज कराएं आपत्तियां
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) हरिकेश यादव ने जानकारी दी कि बोर्ड द्वारा जारी इस सूची पर यदि किसी स्कूल, छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक को कोई आपत्ति या शिकायत है, तो वे ठोस साक्ष्यों के साथ माध्यमिक शिक्षा परिषद के आधिकारिक पोर्टल पर 28 अक्टूबर तक ऑनलाइन प्रत्यावेदन दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद किसी भी प्रकार का प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्राप्त आपत्तियों का सम्यक परीक्षण कर जिला स्तरीय केंद्र निर्धारण समिति द्वारा अनुमोदन और संस्तुति के बाद अंतिम सूची 6 नवंबर तक बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन अग्रसारित की जाएगी। पिछले साल जिले में 72 केंद्र बनाए गए थे, जिसके मुकाबले इस बार फिलहाल 2 केंद्र कम हैं। हालांकि, डीआईओएस ने स्पष्ट किया है कि यह अभी केवल ‘प्रस्तावित’ सूची है, और निरीक्षण तथा आपत्तियों के आधार पर इनकी संख्या घट या बढ़ सकती है।
मुजफ्फरनगर में 56,521 विद्यार्थी लेंगे परीक्षा में हिस्सा
यूपी बोर्ड द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेंगी। इस बार मुजफ्फरनगर जनपद में कुल 56,521 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है, जिसमें हाईस्कूल के 29,905 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट के 25,004 परीक्षार्थी शामिल है।
Post Views: 107












Total views : 443533