
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर जिला कार्यकारिणी द्वारा 12 शाखाओं के सहयोग से एक भव्य और सुंदर ‘डांडिया महोत्सव’ का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महोत्सव में परिषद के लगभग 450 सदस्यों एवं मातृशक्ति ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और देर शाम तक उत्सव के रंग में रंगे नजर आए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग एवं राष्ट्रीय गतिविधि संयोजक अनुराग दुबलिश उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों, अतिविशिष्ट व विशिष्ट अतिथियों, प्रांतीय एवं जिला कार्यकारिणी तथा परिषद सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। पूरे कार्यक्रम का कुशल और सुंदर संचालन जिला सह समन्वयक अकुल अग्रवाल द्वारा किया गया।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के ओजस्वी गान से हुई। इसके उपरांत कलाकारों द्वारा गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। मंच पर नवदुर्गा स्वरूप दर्शन एवं महिषासुर वध के जीवंत और भक्तिमय मंचन ने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया। विपुल छाबड़ा के मधुर गीतों ने माहौल को और भी संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान समयबद्धता पुरस्कार, 10 लकी ड्रॉ तथा 1 मेगा लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया, जिसने सदस्यों में खासा उत्साह भरा।
संगीत की धुनों पर ‘ढोली तारो ढोल बाजे’ जैसे प्रसिद्ध गरबा और डांडिया गीतों पर महिला व पुरुष सदस्यों ने पारंपरिक परिधानों में थिरकते हुए पूरे परिसर को रोमांच और उत्सव के माहौल से सराबोर कर दिया। डांडिया की खनक और उत्साह का यह समां देर शाम तक बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित सदस्यों ने मां अम्बे की सामूहिक महाआरती एवं आराधना की। इस अवसर पर बालिका सावी ऐरन को मां दुर्गा का दिव्य स्वरूप दिया गया था, जिनकी सबने वंदना की। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति की ओर से सभी महिला सदस्यों को विशेष उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस सफल एवं भव्य आयोजन के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रवीण गर्ग एवं प्रांतीय अध्यक्ष श्री सरल माधव ने जिला कार्यकारिणी को बधाई दी। अतिथियों ने कहा कि नवरात्रि के इस पावन अवसर पर ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से मन और तन दोनों प्रफुल्लित हो उठते हैं।
जिला कार्यकारिणी मुजफ्फरनगर द्वारा कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का भावभिना स्वागत व सम्मान किया गया। इस दौरान परिसर में विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ सदस्यों ने चटपटी चाट और स्वादिष्ट रात्रि भोज का आनंद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय संयोजक (पर्यावरण) जगदीश पालीवाल, प्रांतीय महासचिव मुकेश चंद गुप्ता, वित्त सचिव प्रवीण गुप्ता, प्रांतीय महिला सहभागिता श्रीमती आशा जैन, प्रांतीय संरक्षक हर्षवर्धन जैन, अचिन कंसल, पंकज बंसल, सुनील गर्ग सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने में संयोजिका डॉ. रुचि शर्मा, प्रिया अग्रवाल, प्रियंका ऐरन, समस्त शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव तथा जिला कार्यकारिणी मुजफ्फरनगर के सभी सदस्यों का सराहनीय और अतुलनीय योगदान रहा। अंत में कार्यकारिणी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
Post Views: 176












Total views : 440014