
मुंबई में बिहार के खिलाफ मैच से करेंगी अपने अभियान का आगाज
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती और जब जुनून में अपनों का साथ मिल जाए तो सफलता की राहें आसान हो जाती हैं। जिले के छोटे से गांव हरसौली की रहने वाली जुड़वां बहनों ज्योति बालियान और जाह्नवी बालियान ने इस बात को साबित कर दिखाया है। दोनों बहनों का चयन उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित अंडर-19 महिला टी-20 क्रिकेट टीम में हुआ है। इस खबर के सामने आते ही पूरे गांव और जिले में जश्न का माहौल है।


भाई को देखकर शुरू किया सफर, मेरठ में तराशी अपनी धार
दोनों बहनों के क्रिकेट के सफर की शुरुआत अपने भाई हेमंत को खेलते देखने से हुई थी। खेल के प्रति उनकी लगन को देखते हुए उन्हें मेरठ में ट्रेनिंग दिलाई गई, जहां दोनों कड़ी मेहनत कर अपनी प्रतिभा को निखार रही हैं। वर्ष 2022-23 में दोनों ने यूपी की अंडर-15 टीम में अपनी जगह बनाई थी, और अब अंडर-19 स्तर पर उनका चयन उनकी निरंतर बेहतरीन परफॉर्मेंस का नतीजा है।

मैदान पर अलग है दोनों बहनों का अंदाज
टीम में दोनों बहनें अलग-अलग ऑलराउंडर भूमिकाओं में नजर आएंगी। इनमें ज्योति बालियान दाएं हाथ की तेज गेंदबाज हैं, जो अपनी स्विंग और उछाल से बल्लेबाजों को परेशान करने के साथ निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी करती हैं। जबकि दूसरी बहन जाह्नवी बालियान बाएं हाथ की आर्थोडॉक्स स्पिनर हैं, जो अपनी सटीक लाइन-लेंथ से रन गति पर अंकुश लगाने के साथ मध्यक्रम में मजबूत बल्लेबाजी की क्षमता रखती हैं।
चालक पिता का अधूरा सपना बेटियां कर रहीं पूरा
दोनों बहनों की इस कामयाबी के पीछे उनके पिता कुलदीप बालियान का त्याग और संघर्ष छुपा है। अलीगढ़ के बन्ना देवी फायर ब्रिगेड स्टेशन में चालक के पद पर कार्यरत कुलदीप कभी खुद पेशेवर क्रिकेटर बनना चाहते थे। पुलिस विभाग में आने के बाद उनका यह सपना अधूरा रह गया, लेकिन अब उनके बच्चे—बेटा हेमंत और दोनों बेटियां उनके इस सपने को नया जीवन दे रहे हैं।
मुंबई में बिहार के खिलाफ पहला मुकाबला
उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टीम का अभियान 9 अक्तूबर से मुंबई में शुरू हो रहा है। टीम का पहला मुकाबला बिहार के खिलाफ होगा। इसके अलावा इस टूर्नामेंट में यूपी की टीम पंजाब, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और आंध्र प्रदेश के खिलाफ भी मुकाबले खेलेगी। दोनों बहनों से टीम को और पूरे जिले को बड़ी उम्मीदें हैं।











Total views : 431648