
लोकपथ लाइव, मुज़फ्फरनगर: मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों का भारी उत्साह और जनसैलाब देखने को मिला। मोहम्मद गुफरान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में रालोद पदाधिकारियों के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों की थाप, गगनभेदी नारों और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य नागरिक अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महासचिव कृष्णपाल राठी, प्रदेश महासचिव रामनिवास पाल तथा जिलाध्यक्ष संजय राठी का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता अंकित राठी और अक्षित चौधरी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
मंच से ग्रामीणों को संबोधित करते हुए रालोद नेताओं ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर सीधे संवाद किया। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की नींव किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा पर टिकी है। संगठन को धरातल पर और मजबूत बनाकर ग्रामीणों की हर समस्या का शासन-प्रशासन स्तर पर त्वरित समाधान कराया जाएगा। नेताओं ने क्षेत्र में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे को अक्षुण्ण रखने और क्षेत्र के चौमुखी विकास के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
आयोजक मोहम्मद गुफरान ने सभी आगत अतिथियों व ग्रामीणों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आपसी संवाद सुदृढ़ होता है और संगठन को नई ऊर्जा मिलती है। कार्यक्रम में मुन्तयाज, इरशाद, पीरू, इरफान, फुरकान, मेहसर अली, गनी, शाहनजर, अंजुम प्रधान, असलम प्रधान और अनवार प्रधान सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
Post Views: 81












Total views : 430824