
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली/ लखनऊ। भाजपा की राज्यसभा प्रत्याशी प्रियंका सिंह रावत के नामांकन हलफनामे में उनकी संपत्ति और आय का विवरण सामने आया है। हलफनामे के मुताबिक प्रियंका सिंह रावत और उनके पति के पास लाइसेंसी पिस्टल, कार, सोना, चांदी और हीरे समेत करोड़ों रुपये की संपत्ति है। दंपती की कुल चल-अचल संपत्ति करीब 6.66 करोड़ रुपये बताई गई है। इसमें 86.53 लाख रुपये की चल संपत्ति और करीब 5.80 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
प्रियंका सिंह रावत के पास फोर्ड फिएस्टा कार, जिसकी कीमत करीब 7.50 लाख रुपये घोषित की गई है। इसके अलावा उनके पास आधा किलो सोना, जिसकी कीमत 62.04 लाख रुपये, जबकि पति के पास 25 ग्राम सोना, जिसकी कीमत 3.87 लाख रुपये बताई गई है।
आभूषणों में प्रियंका के पास करीब दो किलो चांदी, जिसकी कीमत 5.32 लाख रुपये, जबकि 5 लाख रुपये का हीरा भी घोषित किया गया है। उनके पति के पास भी करीब 1 लाख रुपये का हीरा बताया गया है।
राज्यसभा चुनाव: प्रकाश पाल 2.28 करोड़ की संपत्ति के मालिक, पत्नी की आय ज्यादा
लाइसेंसी पिस्टल भी रखते हैं पति और पत्नी
प्रियंका सिंह रावत के पास कोल्ट पिस्टल, जिसकी घोषित कीमत 50 हजार रुपये है। उनके पति के नाम भी इंडिया मेड पिस्टल, जिसकी कीमत 62,500 रुपये बताई गई है।
नकद राशि की बात करें तो प्रियंका के पास 1.25 लाख रुपये, जबकि उनके पति के पास 40 हजार रुपये नकद हैं। दिल्ली और लखनऊ के दो बैंक खातों में प्रियंका के नाम कुल 74,682 रुपये जमा हैं, जबकि पति के बैंक खाते में करीब 1.39 लाख रुपये जमा बताए गए हैं।
पति की आय प्रियंका से कई गुना ज्यादा
वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रियंका सिंह रावत की आयकर रिटर्न में घोषित आय 4,46,800 रुपये है, जबकि उनके पति की आय 30,22,860 रुपये बताई गई है। हलफनामे के मुताबिक प्रियंका के नाम करीब एक करोड़ रुपये का बैंक लोन/ऋण है, जबकि उनके पति पर करीब 37 लाख रुपये का ऋण बताया गया है।
लखनऊ और बाराबंकी में संपत्ति
अचल संपत्ति में लखनऊ के गोमतीनगर में 1210 वर्गफीट का मकान दंपती के नाम साझा बताया गया है। इसके अलावा प्रियंका सिंह रावत के नाम बाराबंकी में 17,000 वर्गफीट का मकान और उनके पति के नाम गोमतीनगर, लखनऊ में 1210 वर्गफीट का मकान घोषित है।
Post Views: 147












Total views : 430824