
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने जारी की सूची
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली: भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए अपने आठ अधिकृत उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।


भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरूण चुग के हस्ताक्षरों से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इन सभी नामों पर केंद्रीय चुनाव समिति ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। उत्तर प्रदेश से घोषित भाजपा उम्मीदवारों की सूचीबीजेपी द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूची में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए प्रमुख चेहरों पर दांव लगाया गया है: इनमें धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्णा पाण्डेय, श्रीमती प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान, श्रीमती श्रुति गंगवार शामिल हैं।

सांगठनिक और अनुभवी चेहरों को प्राथमिकता
भाजपा की इस सूची में संगठन के पुराने व अनुभवी नेताओं के साथ-साथ महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत तथा सांगठनिक कार्यों से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों को राज्यसभा भेजने का फैसला पार्टी के जमीनी कैडर को साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय द्वारा सोमवार को यह पत्र जारी किया गया है। नामांकनों की प्रक्रिया शुरू होते ही इन सभी उम्मीदवारों द्वारा अपना पर्चा दाखिल किया जाएगा।
कौन हैं प्रकाश पाल?
यूपी में कानपुर के रहने वाले प्रकाश पाल वर्तमान में यूपी के ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष हैं। इससे पहले प्रकाश पाल भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। प्रकाश पाल की संगठन में पकड़ काफी मजबूत मानी जाती है। 2022 में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान भी प्रकाश पाल को भाजपा बड़ी जिम्मेदारी सौंप चुकी है। 10 दिसंबर 1966 को जन्मे प्रकाश पाल ने एलएलबी तक की शिक्षा प्राप्त कर रखी है।
गुजरात में 16 जिलों में किया था प्रचार-प्रसार
2022 में गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने प्रकाश पाल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी। 16 जिलों की 64 विधानसभा सीटों पर प्रकाश पाल ने जोरशोर से प्रचार-प्रसार किया था। भाजपा ने इन सीटों पर जीत भी दर्ज की थी। भाजपा ने उन्हें गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रवासी कार्यकर्ताओं की टीम का प्रदेश संयोजक बनाया था। कानपुर जिले के बर्रा-दो के रहने वाले प्रकाश पाल के नेतृत्व में करीब 150 कार्यकर्ताओं को गुजरात के लिए रवाना किया गया था।












Total views : 430265