
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी (सपा) के मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, फर्जी वोटरों की जांच कराने और नई वोट बनाने के प्रावधानों को समाप्त करने की मांग उठाई है। शनिवार को महावीर चौक स्थित सपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए।
उन्होंने दावा किया कि मुजफ्फरनगर जिले की सभी छह विधानसभा सीटों में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और प्रत्येक सीट पर 4 से 5 हजार फर्जी वोट बनाए गए हैं। साथ ही कई वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से जबरन काट दिए गए हैं। जिया चौधरी ने कहा कि उनके पास इस धांधली के पुख्ता सबूत मौजूद हैं, जिन्हें वे जल्द ही जिलाधिकारी उमेश कुमार को सौंपेंगे।
4 अक्टूबर को प्रदर्शन और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करेंगे
पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने बताया कि समाजवादी पार्टी ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ का आयोजन करने जा रही है। इसमें तहत विरोध प्रदर्शन होगा। इसके तहत 4 अक्टूबर को सपा कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च निकालेंगे और उनका पुतला दहन करेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट कूच होगा। कार्यकर्ता शहर में मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट गेट पर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक पर एकत्र होंगे और फर्जी वोटों की उच्च स्तरीय जांच की मांग करेंगे।
एसआईआर (SIR) अभियान में धांधली का दावा
जिया चौधरी ने बताया कि मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन के बाद सपा संगठन ने सभी विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों का घर-घर सत्यापन कराया। इस जांच में बेहद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही नाम के पांच-पांच वोट मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं, जिनमें पिता का नाम और पता भी एक समान दर्ज है। यह स्पष्ट करता है कि स्पेशल समरी रिवीजन (SIR) अभियान के दौरान बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई है।
वरिष्ठ नेता पत्रकार वार्ता में रहे मौजूद, देर से पहुंचे विधायक पंकज मलिक
पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री राजकुमार यादव, राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, इलम सिंह गुर्जर, बालेश पाल, धर्मेंद्र नीटू, पुष्पेंद्र त्यागी, लियाकत अली, सोमपाल भाटी, असद पाशा, सलीम मलिक और पूजा अंबेडकर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Post Views: 108












Total views : 428506