
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के हनुमान चौक के निकट मोहल्ला घेर कालेराय निवासी सुशील तायल की पुत्री प्राची की गाजियाबाद के वेब सिटी थाना क्षेत्र स्थित मकान में फांसी लगाने से मौत हो गई। बुधवार देर शाम गाजियाबाद में पोस्टमार्टम के बाद परिजन विवाहिता का शव मुजफ्फरनगर लेकर पहुंचे और नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में स्थित ससुराल के बाहर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने विवाहिता की मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए सास, ससुर, ननद और बिचौलिए की गिरफ्तारी की मांग की।
बताया गया कि मामले में मृतका की मां अंजू तायल की ओर से गाजियाबाद के वेब सिटी थाने में पति हार्दिक, सास रजनी, ससुर मदन गोपाल, ननद और बिचौलिए समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गाजियाबाद पुलिस ने मृतका के पति हार्दिक को हिरासत में लिया है। इधर, परिजनों का कहना था कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाए। ससुराल के बाहर शव रखकर हंगामा किए जाने की सूचना पर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक आनंददेव मिश्रा ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। घटना को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Post Views: 120













Total views : 426556