
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। पीआर पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य ध्येय छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श/व्यवहार की पहचान कराना, उनके मौलिक अधिकारों से अवगत कराना तथा किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में निडर होकर सहायता प्राप्त करने के प्रति सजग बनाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिविल जज सिद्धार्थ बारगोटी, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राजीव त्यागी, विद्यालय प्रबंधक अशोक सिंघल एवं प्रधानाचार्य अनघ सिंघल द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात आयोजित विशेष सभा में वक्ताओं ने रेखांकित किया कि सुरक्षित बचपन प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम उनकी गरिमा व निजता की रक्षा के लिए एक मजबूत कानूनी ढाल प्रदान करता है।
जागरूकता सत्र में विद्यालय की शिक्षिका प्रियांशी, शारीरिक शिक्षक शंकर शर्मा, शिक्षिका राखी पाल तथा कक्षा 11 की छात्रा आर्या कौशिक ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को सतर्कता, आत्मरक्षा और जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण सिविल जज सिद्धार्थ बारगोटी ने पॉक्सो एक्ट के विभिन्न कानूनी पहलुओं को सरल भाषा में समझाते हुए कहा कि किसी भी अनुचित या असुरक्षित स्थिति में बच्चों को भयभीत होकर चुप रहने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या विश्वसनीय व्यक्तियों को सूचित करना चाहिए। वहीं चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राजीव त्यागी ने बच्चों को अपराध से दूर रहकर और गुरुजनों की प्रेरणा से उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य अनघ सिंघल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय और समाज का साझा कर्तव्य है। इसके उपरांत विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में प्रवीण कुमार, दिव्या शर्मा, शंकर शर्मा एवं बीना वत्स सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
Post Views: 118













Total views : 426556