
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने एवं बाल सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को स्थानीय एमजी वर्ल्ड विजन विद्यालय में पोक्सो (POCSO) एक्ट पर आधारित एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसमें सिविल जज (एस.डी.) मुजफ्फरनगर सोनम गुप्ता, अपर जिला न्यायाधीश एवं पोक्सो एक्ट न्यायालय मंजुला भालोटिया तथा अपर जिला जज एवं पोक्सो एक्ट न्यायालय मनोज सिधू विशेष रूप से सम्मिलित हुए। इस अवसर पर एमजी ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश गोयल एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. मृणालिनी अनंत भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों एवं प्रधानाचार्या द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके उपरांत विद्यालय के विद्यार्थियों ने पोक्सो एक्ट एवं बाल सुरक्षा विषय पर केंद्रित एक अत्यंत प्रभावशाली एवं भावपूर्ण नाटक का मंचन किया। नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने बाल अधिकारों, सुरक्षित (गुड टच) एवं असुरक्षित (बैड टच) व्यवहार के बीच अंतर की पहचान करने तथा किसी भी विपरीत परिस्थिति में बिना डरे उचित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया को बेहद सरल व प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपस्थित न्यायिक अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, हेल्पलाइन नंबरों एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिकारियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए नाटक एवं उनकी सजगता की मुक्तकंठ से सराहना की।
समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. मृणालिनी अनंत ने उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना विद्यालय की प्राथमिक और नैतिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास और सजगता का संचार करते हैं। कार्यक्रम के सफल व सुचारु संचालन में सीनियर एकेडमिक कोऑर्डिनेटर श्रीमती मोनिका अग्रवाल की मुख्य भूमिका रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
एमजी पब्लिक स्कूल में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रतियोगिता, विजेता पुरस्कृत
Post Views: 139













Total views : 424918