
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह 15 से 21 नवम्बर के अंतर्गत जिला महिला चिकित्सालय में नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य एवं बेहतर देखभाल को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों हुआ। इसमें सभी को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर ने बताया कि नवजात शिशु की सही देखभाल ही उसके स्वस्थ भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि जन्म के तुरंत बाद बच्चे को माँ का दूध, गर्माहट, संक्रमण से बचाव और समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जानकारी दी कि इस पूरे सप्ताह के दौरान चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञों डॉ. अनुज राजवंशी, डॉ. अमित वाधवा, डॉ. कार्तिक अरोड़ा एवं अन्य चिकित्सकों की टीम द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत एसएनसीयू एवं प्रसूति विभाग में भर्ती माताओं व परिजनों को नवजात शिशु की देखभाल, स्तनपान, कंगारू मदर केयर (केएमसी), साफ-सफाई एवं शिशु में खतरे के लक्षणों के बारे में विस्तार से जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ के साथ-साथ चिकित्सालय में आए मरीजों और उनके तीमारदारों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मूरली भास्कर ने सभी चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ को नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल हेतु निरंतर तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि नवजात शिशु की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या के उत्पन्न होने पर तुरंत अस्पताल में संपर्क करें।
Post Views: 73












Total views : 456006