
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में आगामी 18 सितम्बर को जनपद की सभी तहसीलों में प्रस्तावित मॉक एक्सरसाइज (मॉक ड्रिल) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने की, जिसमें आपदा की स्थिति में त्वरित राहत व बचाव कार्यों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विस्तार से मंथन किया गया।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल औपचारिकता पूरी करना नहीं, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासनिक तंत्र की तत्परता और संसाधनों की उपलब्धता को परखना है। 18 सितम्बर को होने वाले इस अभ्यास में रेस्क्यू ऑपरेशन, प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालना, प्राथमिक उपचार, अस्पतालों तक पहुंच, यातायात नियंत्रण और राहत सामग्री के वितरण जैसी व्यवस्थाओं का व्यावहारिक परीक्षण किया जाएगा।
बैठक के दौरान तहसील स्तर पर संभावित आपदा परिदृश्य तैयार करने और विभागीय जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा हुई। एडीएम ने कहा कि अभ्यास के दौरान सामने आने वाली कमियों और व्यावहारिक चुनौतियों को चिन्हित कर उनमें तत्काल सुधार किया जाएगा ताकि वास्तविक आपदा के समय राहत कार्यों में कोई बाधा न आए।
इस बैठक में एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह, एसपी सतेंद्र कुमार मिश्रा, तहसीलदार सदर राधेश्याम गोंड़, बीएसए संदीप कुमार, सीवीओ डॉ. जितेंद्र गुप्ता, एआरटीओ अजय मिश्रा, सीएफओ अनुराग कुमार और आपदा सहायक नासिर हुसैन समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Post Views: 99













Total views : 416711