
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों व संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए जल्द से जल्द ट्रैक और हॉल की सुविधा मिल सके। इस दौरान उन्होंने जिम के निर्माण कार्य को बेहतर विकल्प बताया।
चौधरी चरण सिंह स्पोट्स स्टेडियम परिसर में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ द्वारा 814.82 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से नवनिर्मित भारोत्तोलन हॉल, वॉलीबॉल कोर्ट तथा बैडमिंटन क्रीड़ा हॉल का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड की देखरेख में 1255.99 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निर्माण मानकों की निष्पक्ष जांच के लिए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बिजनौर की थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट टीम भी निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद रही। इस दौरान राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ऑडिट टीम के सदस्यों विकास कुमार व अनुराग तथा विभागीय अभियंताओं को निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर बारीक नजर रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उप क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव से स्टेडियम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राणा, यूपी राज्य निर्माण सहकारी संघ के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार सिंह, राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक पुष्पेंद्र कुमार वर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय समाजसेवी उपस्थित रहे।
Post Views: 71













Total views : 414290