
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, सही शारीरिक मुद्रा और रीढ़ की देखभाल का महत्व समझाने के उद्देश्य से न्यू होराइजन स्कूल में एक विशेष कार्यक्रम हुआ। इसमें स्वस्थ रीढ़, सक्रिय जीवन और सशक्त भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल के तहत प्रसिद्ध रीढ़ रोग विशेषज्ञ डॉ. वासु जिंदल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

—————————————-


कार्यक्रम में डॉ. वासु जिंदल ने विद्यार्थियों को रीढ़ की हड्डी एवं मेरुरज्जु से जुड़ी सामान्य समस्याओं, उनके प्रमुख कारणों, प्रारंभिक चेतावनी संकेतों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वस्थ रीढ़ केवल शारीरिक सक्रियता का आधार नहीं है, बल्कि यह एक आत्मविश्वासपूर्ण और ऊर्जावान जीवनशैली की भी नींव रखती है। डॉ. वासु जिंदल ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान सही ढंग से बैठने, लंबे समय तक मोबाइल एवं डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से बचने, स्क्रीन की सही ऊंचाई बनाए रखने और स्कूल बैग को संतुलित तरीके से उठाने जैसी व्यावहारिक सावधानियों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कमर-गर्दन के दर्द, बैठने के सही तरीकों और दैनिक दिनचर्या से जुड़े अनेक सवाल पूछे। डॉ. जिंदल ने सभी जिज्ञासाओं का वैज्ञानिक और सरल भाषा में समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल की प्रधानाचार्या मीनाक्षी मित्तल ने डॉ. वासु जिंदल को सम्मानित किया।
Post Views: 140












Total views : 414136