
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिले में स्वाइन फ्लू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार बढ़ाई गई निगरानी, सैंपलिंग और सतर्कता के बावजूद नए मरीजों के सामने आने का सिलसिला जारी है, जिससे स्वास्थ्य महकमे और आम जनता में हड़कंप मचा हुआ है। जिले में स्वाइन फ्लू का एक और नया मामला बझेड़ी क्षेत्र से सामने आया है। इस नए मरीज की पुष्टि के साथ ही मुजफ्फरनगर में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या अब बढ़कर 15 हो गई है।
स्वाइन फ्लू को लेकर जिले में सीएमओ डा. सुनील कुमार तेवतिया ने पहले ही सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हुए हैं। स्वाइन फ्लू का नया मामला बझेड़ी गांव से सामने आया है, जहां मरीज की मानिटरिंग की गई। इससे पूर्व शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में शहर के जानसठ रोड और प्रकाश चौक निवासी 50 वर्ष से अधिक उम्र के दो व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वहीं बुधवार को मोरना ब्लॉक क्षेत्र में भी एक मामला दर्ज किया गया था। लगातार नए मामले मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर मरीजों से संपर्क साधा, उनकी सेहत व इलाज की जानकारी ली और आसपास के लोगों की स्क्रीनिंग कर निगरानी बढ़ा दी है। जिले में अब तक शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों के साथ-साथ खतौली, जानसठ, मोरना और अब बझेड़ी में भी स्वाइन फ्लू अपने पैर पसार चुका है। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने बताया कि सितंबर और अक्टूबर का महीना मौसमी बीमारियों व संक्रमण के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। इसी वजह से स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। सीएमओ ने राहत जताते हुए कहा कि फिलहाल जिले में मिला कोई भी मरीज गंभीर स्थिति में नहीं है और सभी का उचित उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग पूरी स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए है और लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में सावधानी बरतने तथा लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी जा रही है।
Post Views: 184












Total views : 414136