
लोकपथ लाइव, मुजफ़्फरनगर। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज पुरकाजी की अंग्रेजी शिक्षिका साक्षी देशवाल ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनके अभिनव शिक्षण कार्य और समर्पण को देखते हुए शिव नादर यूनिवर्सिटी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर के शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया है।
शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित शिव नादर यूनिवर्सिटी में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनमें साक्षी देशवाल भी शामिल रहीं। इस प्रतिष्ठित सम्मान के साथ ही उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक प्रशिक्षण का विशेष अवसर प्रदान किया गया है। इसके अलावा, उन्हें पांच सप्ताह की निःशुल्क ऑनलाइन प्रशिक्षण व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को और बेहतर तरीके से समझ सकेंगी।
साक्षी देशवाल की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज पुरकाजी के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने कहा कि एक राजकीय विद्यालय की शिक्षिका द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करना न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जनपद के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है।
Post Views: 164













Total views : 411790