
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। नगर के प्रतिष्ठित एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामयी माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से अतिथियों व शिक्षिकाओं द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुओं के प्रति आदर व कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने पूरे प्रांगण को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों को प्रदान किए गए विशेष सम्मानजनक ‘टैग’ रहे। बच्चों ने बेहद रचनात्मक ढंग से अपने शिक्षकों की खूबियों को दर्शाते हुए ये टैग भेंट किए, जिसे पाकर शिक्षक अभिभूत हो उठे। प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों का उत्साह, समर्पण और गुरुजनों के प्रति अटूट प्रेम स्पष्ट झलक रहा था। कार्यक्रम का मंच संचालन कक्षा 10 की छात्राओं गौरी एवं लावण्या तथा कक्षा 11 की छात्रा वैष्णवी ने अपनी प्रभावशाली वाणी से बेहद कुशलतापूर्वक किया।
समारोह के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. मृणालिनी अनंत ने सफल आयोजन के लिए सभी विद्यार्थियों के अथक परिश्रम और शानदार प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि सराहना की। इस अवसर पर रश्मि रस्तोगी, शीतल जैन, मोनिका अग्रवाल, शिवानी, भावना चौधरी आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
Post Views: 302













Total views : 411204