
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिले में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग निरंतर निगरानी बढ़ा रहा है। बढ़ती निगरानी और जिले में सैंपलिंग की व्यवस्था करने की तैयारियों के बीच बुधवार को स्वाइन फ्लू का एक और नया मरीज सामने आया है। मोरना ब्लॉक क्षेत्र में एक और मरीज में स्वाइन फ्लू के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद क्षेत्र में हडकंप मच गया। अब तक जिले में कुल स्वाइन फ्लू मरीजो की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
सीएमओ सुनील कुमार तेवतिया ने बताया कि जनपद में अभी तक 10 स्वाइन फ्लू के मरीज मिले थे। लगातार बढ़ाई जा रही जांच के बीच बुधवार को एक और नया स्वाइन फ्लू का मरीज सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मोरना ब्लॉक में संक्रमित मरीज के परिजनों और आसपास के लोगों की स्वास्थ्य जांच कराई है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि सितंबर और अक्टूबर माह संक्रमण के लिहाज से बेहद संवेदनशील माने जाते हैं। इस दौरान डेंगू और मलेरिया फैलाने वाले एडीज मच्छर भी सक्रिय रहते हैं, जो मुख्य रूप से सुबह और शाम के समय खुले हाथों और घुटनों को निशाना बनाते हैं। सीएमओ ने बताया कि अब तक सामने आए मामलों में शहर में चार, खतौली में दो, जानसठ व मखियाली में एक-एक तथा मोरना ब्लॉक में पूर्व में दो मरीज मिल चुके थे।
बुधवार को मोरना में एक नया मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सभी सीएचसी और पीएचसी प्रभारियों को सतर्कता बरतने और संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों की तत्काल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
Post Views: 204













Total views : 410025