
लोकपथ लाइव, मुज़फ्फरनगर। पचेंडा रोड स्थित पीआर पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के भीतर खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम वर्क को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘इंटर हाउस हैंडबॉल प्रतियोगिता’ का शानदार आयोजन किया गया। मैदान पर उतरकर विद्यार्थियों ने अपनी जीत के जुनून और खेल के जज़्बे का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों नोवा, सेज, अपेक्स और जील की टीमों ने अपने कप्तानों—क्रमशः वंश धीमान, जसप्रीत, अमीर हम्ज़ा और देवांश बालियान के कुशल नेतृत्व में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अनघ सिंघल एवं खेल शिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर व उनका उत्साहवर्धन करके किया गया। मुकाबला शुरू होते ही मैदान में खिलाड़ियों का तेज़ गति, शानदार डिफ़ेंस और सटीक गोल दागने का कौशल देखने को मिला। मैदान के बाहर खड़े सहपाठियों ने तालियों और उत्साहवर्धक नारों से खिलाड़ियों का लगातार मनोबल बढ़ाया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने यह साबित किया कि जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण खेल में अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना होती है।
कड़े मुकाबले के बाद अंततः अपेक्स हाउस की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ट्रॉफी पर कब्ज़ा जमाया, जबकि सेज हाउस की टीम उपविजेता घोषित की गई। समापन अवसर पर विजेता व उपविजेता टीमों समेत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर प्रधानाचार्य अनघ सिंघल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का एक अभिन्न हिस्सा हैं, जो बच्चों को विपरीत परिस्थितियों में धैर्य रखने और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता सिखाते हैं। विद्यालय प्रबंधक अशोक सिंघल ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी खेल प्रतियोगिताओं में इसी तरह भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन को सफल बनाने में दिव्या शर्मा, प्रवीण कुमार, शंकर शर्मा, अभिषेक और दीपक मलिक का विशेष योगदान रहा।
Post Views: 95













Total views : 405614