
प्रेम विवाह का विरोध करने पर रची खूनी साजिश, 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल से खुली गुत्थी
लोकपथ लाइव, मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही मां को मौत के घाट उतार दिया। प्रेम-प्रसंग और शादी का विरोध करने से नाराज बेटी ने अपनी मां को तीर्थ यात्रा पर ले जाने का बहाना बनाया और चलती कार में मौका मिलते ही चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए दोनों ने शव को बोरी में बंद किया और हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर के पास फेंककर फरार हो गए।


200 सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल से बेनकाब हुए कातिल
हरिद्वार के एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि 18 अगस्त को मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था। महिला की गर्दन पर पैने हथियार से हमले के गहरे निशान थे। पुलिस ने पहचान कराने के लिए सोशल मीडिया और आसपास के जिलों के थानों में सूचना प्रसारित की। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर मुख्य मार्गों तक 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान एक संदिग्ध कार नजर आई। कार के नंबर और रूट को ट्रैक करते हुए मंगलौर पुलिस मेरठ के कंकरखेड़ा और पल्लवपुरम पहुंची और लक्सर रोड से आरोपी बेटी व उसके प्रेमी को दबोच लिया।

पिता से बोला झूठ: मनोनाधाम ले जा रही हूँ मां को
मृतका की पहचान कविता (40) पत्नी अरविंद, निवासी नटेशपुरम (कंकरखेड़ा, मूल निवासी ओली माजरा, बुढ़ाना-मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई। मृतका के पति अरविंद ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी उन्नति और दुल्हेड़ा गांव निवासी आकाश चौहान के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कविता इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थी। 17 अगस्त की सुबह जब अरविंद अपनी ड्यूटी पर चले गए, तब कविता घर पर मौजूद नहीं थी। पूछने पर बेटी उन्नति ने पिता को फोन पर बताया कि वह मां को बरेली के मनोनाधाम दर्शन कराने ले जा रही है। जबकि हकीकत में वे हत्या की योजना को अंजाम देने निकले थे।
झपकी आते ही पीछे की सीट पर बैठाकर काट दिया गला
पुलिस हिरासत में आरोपी आकाश चौहान ने बताया कि वह और उन्नति दिल्ली में नर्सिंग का कोर्स करते थे, जहाँ उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। आकाश दो दिन पहले ही दिल्ली से अपने गांव आया था और दोस्त की कार लेकर निकला था। घटना के दिन आकाश कार चला रहा था, जबकि उन्नति अपनी मां के साथ पीछे की सीट पर बैठी थी। रास्ते में जैसे ही कविता को नींद की झपकी आई, बराबर में बैठी बेटी उन्नति ने अपने पास रखे चाकू से मां की गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया। खून से लथपथ कविता के चीखने पर आकाश ने कार को किनारे रोका और दोनों ने मिलकर उनकी हत्या सुनिश्चित कर दी। इसके बाद शव को बोरी में भरकर डिग्गी में डाला और सुनसान गंगनहर किनारे फेंक दिया।
कार व आला-ए-कत्ल बरामद, दोनों भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कार और खून से सना चाकू बरामद कर लिया है। मृतका के पति अरविंद की तहरीर पर मंगलौर कोतवाली (हरिद्वार) में आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मंगलौर पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है











Total views : 401056