
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। शहर के विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण, कविता, नाट्य मंचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।


एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल में मुख्य अतिथि मधु गोयल एवं प्रधानाचार्या के नेतृत्व में ध्वजारोहण हुआ। विद्यार्थियों ने समूहगान, नृत्य, कविता-पाठ और भाषण प्रस्तुत किए। ‘टेस्ट ऑफ ग्लोब’ प्रतियोगिता में कक्षा तीन से 12 तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभा दिखाई। मंच संचालन आभा और शिवन्या ने किया।

आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में प्रधानाचार्या सोनिका आर्य एवं प्रबंधक एडवोकेट सुघोष आर्य ने ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों ने गीत, भाषण, लघु नाटिका, फैंसी ड्रेस, रोल प्ले, नृत्य और ‘यष्टि प्रहार’ की प्रस्तुति देकर देशप्रेम और भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई।
पीआर पब्लिक स्कूल में प्रबंधक अशोक सिंघल एवं प्रधानाचार्य अनघ सिंघल ने ध्वजारोहण किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रवीण कुमार, दिव्या शर्मा, शंकर शर्मा और शिखा ठाकुर समेत शिक्षकों ने आयोजन में सहयोग किया।
नई मंडी स्थित आइडियल किड्स स्कूल में त्रिशला देवी जैन ने ध्वजारोहण किया। निदेशक पीके जैन ने बच्चों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कॉर्डिनेटर आशी जैन एवं स्टाफ का सहयोग रहा।
श्रीराम कॉलेज में विभिन्न विभागों में डीन ने ध्वजारोहण किया। मुख्य अतिथि पीएनबी के डीजीएम डॉ. राजेंद्र पॉल ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां दीं। प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने सभी का आभार जताया।
डीएवी कॉलेज में प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार ने ध्वजारोहण किया। 26 यूपी गर्ल्स बटालियन और 82 यूपी बटालियन के 70 एनसीसी कैडेट्स ने तिरंगा सलामी दी। डॉ. धन देवी मिश्रा, कैप्टन सपना और डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वशिष्ठ ने आयोजन में भूमिका निभाई।
एमजी पब्लिक स्कूल में एमजी चैरिटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष सतीश चंद गोयल एवं प्रबंधन समिति अध्यक्ष भीमसेन कंसल ने ध्वजारोहण किया। प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग के निर्देशन में विद्यार्थियों ने गीत, भाषण, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में प्रबंधक एवं प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। उपप्रधानाचार्या अंजली आनंद समेत विद्यालय परिवार मौजूद रहा। शिक्षकों ने हरियाली तीज भी मनाई और सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन से माहौल देशभक्तिमय बना दिया।
एसडी पीजी कॉलेज में प्राचार्य सुधीर पुंडीर और जैन पीजी कॉलेज में प्राचार्या डॉ. सीमा जैन ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया। दोनों संस्थानों में शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का संकल्प लिया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज बधाई कला, चरथावल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार नारंग ने ध्वजारोहण कर किया। राष्ट्रगान के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार नारंग ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों की रक्षा करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान माननीय शिक्षा मंत्री एवं शिक्षा निदेशक माध्यमिक का स्वतंत्रता दिवस संदेश भी छात्र-छात्राओं को सुनाया गया। शिक्षक शुभम, विकास चंद बलूनी, हर्ष त्यागी, विकास कुमार, दीपिका, वैभव राणा, हरि प्रकाश और रोहन भारती ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प के साथ हुआ।
वहीं, जैन कन्या इंटर कॉलेज, नई मंडी, मुजफ्फरनगर में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। प्रधानाचार्या किरण देवी ने छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन की जिम्मेदारी भी देती है। उन्होंने छात्राओं से देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। राष्ट्रगान और देशभक्ति नारों के साथ समारोह का समापन हुआ।
इसके अलावा शहर के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। विद्यालयों में तिरंगे की सजावट, देशभक्ति नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।












Total views : 399081