
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहाँ शनिवार सुबह नई बस्ती में एक शख्स की उसकी पत्नी के प्रेमी ने गंडासे से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने मृतक के सिर पर एक के बाद एक करीब 17 बार गंडासे से वार किए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह पूरी जघन्य वारदात पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।


क्या है पूरा मामला?
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के लखीपुरा निवासी 30 वर्षीय नसीम उर्फ तालिब अपनी पत्नी मीना और दो बच्चों से मिलने बुढ़ाना आया था। तालिब की ससुराल भी बुढ़ाना में ही है और उसकी पत्नी यहाँ मोहल्ला नई बस्ती में किराए के मकान पर रह रही थी। शनिवार सुबह नई बस्ती निवासी हाशिम पुत्र अनीश अब्बासी ने अचानक गंडासे से तालिब पर हमला बोल दिया और उसे लहूलुहान कर मौके से फरार हो गया।

मेरठ अस्पताल में हुई मौत
घटना की सूचना मिलते ही सीओ गजेंद्र पाल सिंह और कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्री पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल तालिब को अस्पताल भिजवाया। हालत बेहद गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहाँ उपचार के दौरान तालिब ने दम तोड़ दिया।
साजिश के तहत बुलाया गया था बुढ़ाना
मृतक के भाई आकिल ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके भाई तालिब की पत्नी मीना का आरोपी हाशिम के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका तालिब कड़ा विरोध करता था। इसी विवाद के चलते चार अगस्त को एक योजना के तहत पत्नी मीना ने तालिब को बुढ़ाना बुलाया था, जहाँ इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
एसपी देहात मुजफ्फरनगर, अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी हाशिम और मृतक की पत्नी मीना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया है, जो लगातार दबिश दे रही हैं।












Total views : 396192