
लोपकथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान श्रीराम कॉलेज ऑटोनोमस ने शैक्षिक उत्कृष्टता की दिशा में एक और कीर्तिमान स्थापित किया है। महाविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग (मास कम्युनिकेशन) के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम एम.ए.जे.एम.सी. (MAJMC) द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल अपना, बल्कि महाविद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया है। घोषित परिणाम के अनुसार, विभाग के सभी विद्यार्थी उच्च श्रेणी (प्रथम श्रेणी) में उत्तीर्ण हुए हैं, जो कॉलेज की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर मुहर लगाता है।
महाविद्यालय द्वारा जारी प्रावीण्य सूची के अनुसार, मेधावी छात्र उदित पाल ने कुल 500 में से 451 अंक (90.2 प्रतिशत) प्राप्त कर कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, निक्षय धीमान ने 445 अंक (89 प्रतिशत) के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि मज़हर हुसैन ने 424 अंक (88.5 प्रतिशत) प्राप्त कर तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया।
सफलता का श्रेय गुरुजनों और व्यावहारिक ज्ञान को प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र उदित ने अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, विभाग के योग्य प्रवक्ताओं के मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय के प्रेरणादायी एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि विभाग में पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में मीडिया क्षेत्र की गहन समझ विकसित होती है और उन्हें भविष्य के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं। द्वितीय स्थान पर रहे निक्षय धीमान और तृतीय स्थान प्राप्त मज़हर हुसैन ने भी विभाग में शिक्षकों द्वारा नियमित मार्गदर्शन, आधुनिक शिक्षण पद्धति, आयोजित कार्यशालाओं, वीडियो एडिटिंग, कंटेंट राइटिंग तथा अन्य स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों को अपनी सफलता का आधार बताया।
कॉलेज प्रबंधन और विभागाध्यक्ष ने दी शुभकामनाएँ
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर श्रीराम कॉलेज ऑटोनोमस के उप-प्राचार्य डॉ. सौरभ मित्तल ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज और लोकतंत्र की सशक्त आवाज़ है। विद्यार्थियों का यह उत्कृष्ट परिणाम उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन तथा विभाग के शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रतिफल है। डीन एकेडमिक्स डॉ. विनीत शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यार्थी भविष्य में अपने ज्ञान और कौशल से समाज तथा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश कुशवाहा ने विद्यार्थियों की सफलता पर अपार प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मीडिया एवं संचार का क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है। हमारा एमएजेएमसी पाठ्यक्रम विद्यार्थियों में प्रभावशाली लेखन, विश्लेषणात्मक सोच, डिजिटल मीडिया, जनसंपर्क और संचार कौशल की व्यावहारिक समझ विकसित करता है, जिससे उनके लिए रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध होते हैं। इस अवसर पर प्रवेश समन्वयक नीतू सिंह तथा विभाग की प्रवक्ता कहकशा मिर्ज़ा, शिवानी बर्मन, मयंक वर्मा एवं वितिक मित्तल ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Post Views: 93













Total views : 391643