
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। इसके तहत 29 जुलाई की मध्यरात्रि से 12 अगस्त तक एनएच-58 (एनएच-334) और चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग (गंगनहर पटरी मार्ग) पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं 4 अगस्त की मध्यरात्रि से 12 अगस्त तक एनएच-58 पर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया जाएगा।


एसएसपी संजय कुमार के अनुसार 29 जुलाई की रात 12 बजे से 4 अगस्त की रात 12 बजे तक हल्के एवं मध्यम वाहन केवल एनएच-58 की बाईं लेन से संचालित होंगे, जबकि दाईं लेन हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी। 4 अगस्त की मध्यरात्रि के बाद एनएच-58 पूरी तरह कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रहेगा और सामान्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा।

यह रहेगा रूट डायवर्जन

————————————————
हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर जाने वाले वाहनों को देवबंद, रामपुर तिराहा, जानसठ, रामराज और मवाना मार्ग से निकाला जाएगा। वहीं बिजनौर, शामली, मेरठ, खतौली, पुरकाजी और बुढ़ाना की ओर जाने वाले हल्के एवं स्थानीय वाहनों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्धारित नियमों के तहत छूट दी जाएगी।
भारी वाहनों का संचालन कल से प्रतिबंधित
भारी वाहनों का संचालन 29 जुलाई से 12 अगस्त तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और जोन स्तर पर जारी ट्रैफिक डायवर्जन के अनुसार उनका संचालन कराया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
मुजफ्फरनगर में बनाए 32 चैक पोस्ट
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जनपद में 32 बैरियर प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा एपीजे चौक रुड़की, रामपुर तिराहा, जानसठ बाईपास, मोंटी तिराहा मीरापुर, दौराला फ्लाईओवर समेत प्रमुख स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।












Total views : 385939