
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जगन्नाथ रथ यात्रा के समापन के प्रतीक नीलाद्रि बीजे उत्सव के पावन अवसर पर सोमवार को एमजी वर्ल्ड विज़न स्कूल में कार्यक्रम हुआ। प्री-नर्सरी, नर्सरी एवं एलकेजी के नन्हे विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से रूबरू कराना था।
उत्सव के रंग में सराबोर होकर सभी नन्हे-मुन्ने बच्चे पीले रंग की पारंपरिक सुंदर वेशभूषा में विद्यालय पहुँचे, जिससे पूरा परिसर उल्लास से भर उठा। इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों को भगवान जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की रथ यात्रा तथा नीलाद्रि बीजे के धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व के बारे में बेहद सरल और ज्ञानवर्धक कहानियों के माध्यम से जानकारी दी। बच्चों ने सुमधुर भक्ति गीतों पर थिरकते हुए इस उत्सव का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान नन्हे बच्चों के लिए रसगुल्ला बाउल क्राफ्ट गतिविधि आयोजित की गई, जो सभी के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। इसमें बच्चों ने न केवल सुंदर कलाकृतियाँ बनाईं, बल्कि नीलाद्रि बीजे के दिन भगवान जगन्नाथ को माता लक्ष्मी का गुस्सा शांत करने के लिए अर्पित किए जाने वाले रसगुल्ले के पौराणिक महत्व को भी समझा। प्रधानाचार्या डॉ. मृणालिनी अनंत ने इस अवसर पर कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन बच्चों के कोमल मन में भारतीय परंपराओं, संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को अंकुरित करते हैं।
Post Views: 181













Total views : 417306