Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » प्रदूषण फैलाने पर 11 फैक्ट्रियां सील, टीम देखकर भागे 8 फैक्ट्री मालिक

प्रदूषण फैलाने पर 11 फैक्ट्रियां सील, टीम देखकर भागे 8 फैक्ट्री मालिक

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। वायु एवं जल प्रदूषण फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ गठित प्रशासनिक जांच समिति ने शनिवार को शामली रोड स्थित पीनना बाईपास के पास एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर और क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी गीतेशचंद्रा के दिशा-निर्देश पर चली इस संयुक्त कार्रवाई से स्लैग यूनिट संचालकों में हड़कंप मच गया। यूपीपीसीबी के अवर अभियंता राजा गुप्ता के नेतृत्व में पहुंची टीम ने क्षेत्र में संचालित 11 स्लैग यूनिटों की औचक जांच की, जिसमें सभी इकाइयां पूरी तरह अवैध रूप से चलती पाई गईं। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन इकाइयों की मशीनरी को सील कर दिया, जबकि टीम को देखकर भागने वाले आठ संचालकों की यूनिटों के मुख्य द्वारों पर सील लगा दी गई। विद्युत विभाग टीम ने मौके पर ही सभी 11 स्थानों के बिजली कनेक्शन काट दिए।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी गीतेश चंद्रा ने बताया कि अभियान के दौरान अनाहित ट्रेडर्स के इमरान और शहजाद पुत्र सदाकत अली की स्लैग यूनिटों की मौके पर सघन जांच की गई। यह तीनों इकाइयां बिना किसी वैध पंजीकरण और बिना वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाए धड़ल्ले से पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही थीं, जिन्हें तुरंत सील कर दिया गया। वहीं, प्रशासनिक टीम की भनक लगते ही आठ अन्य यूनिटों के संचालक अपनी फैक्ट्रियों में ताला लगाकर मौके से फरार हो गए, जिसके बाद टीम ने उनके मुख्य द्वारों को सील बंद कर दिया। इन की जांच भी तेज हो गई है। पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वाली स्लैग यूनिटों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी सूरत में बिना पंजीकरण और बिना प्रदूषण रोकथाम पुख्ता इंतजामों के इन इकाइयों को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। विभाग की ओर से सभी अवैध संचालकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में विभागीय नोटिस जारी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 3 2 7 7 2
Total views : 383623

Follow us on