
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश पुंडीर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले में आत्महत्या करने वाले छात्राओं केा मुआवजे की मांग की गई।
शुक्रवार को रेलवे रोड स्थित कार्यालय पर हुई बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने अपने विचार रखे। राकेश पुंडीर ने कहा कि आज देश के भीतर हर वर्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। जंतर-मंतर पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस ने जिस बर्बरता के साथ लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और हमारी बहन-बेटियों को घसीटकर उनके बाल खींचे, वह पूरे समाज को शर्मसार करने वाला है। इस दमनकारी कृत्य की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। पूर्व जिला अध्यक्ष तारिक कुरैशी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता आकिल राणा ने संयुक्त रूप से मांग उठाई कि नीट परीक्षा विवाद और पेपर रद्द होने के मानसिक तनाव के कारण जिन होनहार छात्रों ने खुदकुशी की है, सरकार उनके आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दे। विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर दर्ज किए गए सभी मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं। इस दौरान शैलेंद्र वाल्मीकि, श्याम सिंह पुंडीर, अजमत पुंडीर, मनोज पाल, राजेंद्र पाल बिल्लू, कुलदीप शर्मा, जीत सिंह पुंडीर, मुनेश राणा, पूर्व प्रधान ठाकुर जगमाल सिंह, गुलजार अहमद, मुमताज अहमद, मूलचंद पुंडीर, जनेश्वर पाल, मोहन पाल, पूर्व प्रधान महक सिंह, सद्दाम और आरती आदि मौजूद रहे।
Post Views: 57













Total views : 382718