
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक और श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने वैश्य समाज से ‘हम दो, हमारे पांच’ की सोच अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि यदि परिवार छोटे होते गए तो आने वाले समय में समाज से रिश्ते-नाते पूरी तरह सिमट जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने सावन के पवित्र महीने में मीट और शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रखने तथा नाम बदलकर होटल व ढाबा चलाने वालों पर प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
गुरुवार को भोपा रोड स्थित एक होटल में श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनीत शारदा ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में व्यापारी और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करते थे, लेकिन भाजपा सरकार के आने के बाद आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ है और व्यापारी पूरी तरह सुरक्षित माहौल में अपना व्यापार कर रहे हैं।
मेरठ में बन रहा भव्य श्री अग्रोधाम: ट्रस्ट की गतिविधियों की जानकारी देते हुए शारदा ने बताया कि मेरठ में भव्य ‘श्री अग्रोधाम’ का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इस धाम में महाराजा अग्रसेन, कुलदेवी मां लक्ष्मी और भगवान शिव-पार्वती परिवार के मंदिरों के साथ-साथ हनुमान जी की 51 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि समाज सेवा के संकल्प के तहत इस परिसर में 50 बेड का एक आधुनिक अस्पताल भी बनाया जा रहा है, जहां जरूरतमंद मरीजों का पूर्णतः निशुल्क इलाज किया जाएगा।
संगठन विस्तार पर जोर: विनीत शारदा ने कहा कि वर्तमान समय में अग्रवाल समाज को अपनी सामूहिक शक्ति और एकता को पहचानने की बेहद जरूरत है। ट्रस्ट पूरे उत्तर प्रदेश में संगठन का तेजी से विस्तार कर रहा है। इसके लिए प्रदेश को छह सांगठनिक क्षेत्रों—पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, गोरखपुर और काशी में बांटा गया है। जल्द ही क्षेत्रीय, जिला और नगर स्तर पर मजबूत कमेटियों का गठन किया जाएगा। बैठक में मुजफ्फरनगर जिले के अग्रवाल बंधुओं से विभिन्न दायित्वों के लिए नाम भी मांगे गए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक कंसल, नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, गौरव स्वरूप, संजय मित्तल, श्रीमोहन तायल, प्रमोद मित्तल, दिनेश बंसल, मयंक बंसल, हरीश गुप्ता, पवन बंसल और श्याम लाल सहित वैश्य समाज के कई गणमान्य लोग व पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Post Views: 88













Total views : 373903