
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर विशेष निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। विभाग द्वारा विभिन्न मार्गों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती करते हुए ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंटों, ठेलों, रेहड़ी-फेरी वालों एवं फल विक्रेताओं का सघन निरीक्षण किया जा रहा है।



बुधवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर फूड लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सैनिटेशन, खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, खुले मसालों एवं कृत्रिम रंगों के प्रयोग से बचने तथा केवल ताजे फल, सब्जियां एवं ताजा भोजन परोसने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक समय का भोजन उसी समय तैयार किया जाए तथा अगले समय के लिए रखा हुआ भोजन परोसने से बचा जाए। साथ ही बंद पैकेट वाले मसालों के उपयोग और कटे या सड़े हुए फलों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान आसपास मौजूद लोगों को भी खाद्य पदार्थों में मिलावट, कृत्रिम रंगों के दुष्प्रभाव, खुले खाद्य पदार्थों एवं कटे फलों के सेवन से बचने के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त प्राप्त शिकायत के आधार पर नई मंडी स्थित गर्ग इंटरप्राइजेज से राइस ब्रान ऑयल, सरसों के तेल तथा सोयाबीन ऑयल के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पूनम कुमारी, नेहा चौधरी एवं संदीप सिंह शामिल रहे।












Total views : 373900