
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली/मुरादाबाद/मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने अभी से अपनी रणनीतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नई दिल्ली स्थित आवास पर बृज और रुहेलखंड क्षेत्र के प्रमुख जिलों की एक अति महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में गहन मंथन के बाद पार्टी ने सांगठनिक मजबूती के लिए ‘टीम RLD’ के गठन की ऐतिहासिक घोषणा की है। यह समर्पित विंग गांव और वार्ड स्तर तक जाकर चुनावी मोर्चा संभालेगी।
पार्टी के केंद्रीय कार्यालय सचिव समर पाल सिंह ने अवगत कराया कि इस दूसरे चरण की बैठक में मुरादाबाद, अमरोहा, अलीगढ़, बिजनौर, मथुरा, हाथरस और आगरा जिलों के राष्ट्रीय व जिला स्तरीय वरिष्ठ नेताओं, राज्य पदाधिकारियों और संगठन प्रभारियों ने भाग लिया। जयंत चौधरी ने जमीनी राजनीतिक स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि ‘टीम RLD’ का संचालन राज्य कमांड से लेकर बूथ स्तर तक एक पारदर्शी और जवाबदेह ढांचे के तहत होगा। इसी महीने सभी चिन्हित जिलों में जिलावार बैठकें आयोजित कर रणनीति को जमीन पर उतारा जाएगा।
रणनीति के तहत हर गांव और वार्ड में एक ‘पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट’ (जिम्मेदार संपर्क सूत्र) और सक्रिय कार्यकर्ताओं की फौज तैनात की जाएगी। ये कार्यकर्ता स्थानीय मतदाताओं से सीधा संवाद कायम रखेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में हर एक वोट का अत्यधिक महत्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि मतदान के दिन हर पात्र मतदाता तक पहुंचना और उन्हें मतदान केंद्र तक लाना उनका परम कर्तव्य होना चाहिए।
Post Views: 96













Total views : 371927