
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। डिजिटल इंडिया मुहिम को ग्रामीण इलाकों के घर-घर तक पहुंचाने के लिए भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने एक ऐतिहासिक पहल की है। बीएसएनएल ने ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए महज 259 रुपये का नया एंट्री-लेवल फाइबर इंटरनेट प्लान लॉन्च किया है। इसके तहत मुजफ्फरनगर और शामली जनपद की 800 से अधिक ग्राम पंचायतों में सबसे कम कीमत पर हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा पहुंचाई जाएगी। इस किफायती प्लान में उपभोक्ताओं को असीमित वॉयस कॉलिंग, तेज इंटरनेट डेटा और मुफ्त ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म का सब्सक्रिप्शन मिलेगा। मुजफ्फरनगर के पटेलनगर स्थित कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक आर.के. रवि ने इस योजना की विस्तृत जानकारी दी।
उप महाप्रबंधक ने बताया कि मोबाइल और इंटरनेट आज के समय की बुनियादी जरूरत बन चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को डिजिटल उद्यमिता से जोड़ने के लिए विभाग ने ‘भारत नेटवर्क उद्यमी’ (BNU) योजना भी शुरू की है। इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण युवाओं को 50 प्रतिशत तक के लाभांश (प्रॉफिट) के साथ उद्यमी के रूप में विभाग से जोड़ा जा रहा है। ये युवा अपने गांवों में वाई-फाई राउटर लगाने, सिम कार्ड वितरण, रिचार्ज और कस्टमर सर्विस का काम संभालेंगे, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा। बीएसएनएल की इस दोहरी पहल से जहां मुजफ्फरनगर और शामली के देहाती इलाकों को सस्ता इंटरनेट मिलेगा, वहीं ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे। इस अवसर पर विभाग के एसडीओ और एओ सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Views: 76













Total views : 350913