
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सनातन धर्म महाविद्यालय में आयोजित सप्ताहव्यापी कार्यक्रम “योग द्वारा शारीरिक क्षमताओं का विकास एवं शपथ ग्रहण समारोह” का शुभारंभ सोमवार को गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के महत्व को स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष के रूप में माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय सहारनपुर की कुलपति प्रो. विमला वाई. उपस्थित रहीं। उनके साथ परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव चौधरी, डिप्टी रजिस्ट्रार अनूप तथा असिस्टेंट रजिस्ट्रार रमेश भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार पुंडीर के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में डॉ. नितिन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को योग शपथ दिलाई तथा योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न योगासनों और प्राणायामों का अभ्यास भी कराया।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. विमला वाई. ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और वर्तमान समय में स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, शोध, खेल एवं नवाचार के क्षेत्र में उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों की जानकारी दी।
विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी प्रो. संदीप गुप्ता ने योग और खेलों को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों एवं योगाभ्यास में भाग लेने का आह्वान किया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव चौधरी ने योग को मानसिक एकाग्रता और शैक्षणिक उत्कृष्टता का माध्यम बताया, जबकि डिप्टी रजिस्ट्रार श्री अनूप एवं असिस्टेंट रजिस्ट्रार श्री रमेश ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर बल दिया।
प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार पुंडीर ने अपने स्वागत भाषण में विश्वविद्यालय की विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं का उल्लेख किया तथा खेल प्रतियोगिताओं में पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि बढ़ाए जाने के निर्णय की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर व्यक्तित्व विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने प्रो. सुधीर कुमार पुंडीर को संस्थान के शैक्षणिक विकास, खेल गतिविधियों के संवर्धन और छात्र कल्याण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
Post Views: 553













Total views : 344232