
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जैन कन्या पाठशाला स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में सोमवार को मेधावी छात्र अलंकरण समारोह का गरिमामयी आयोजन हुआ। इस विशेष समारोह में मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय की मुख्य मेरिट सूची में सर्वोच्च स्थान पाकर स्वर्ण पदक का गौरव हासिल करने वाली छात्राओं को मुख्य रूप से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद प्रोफेसर एससी कुलश्रेष्ठ, महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजेश जैन, सचिव संजय कुमार जैन और प्राचार्या प्रोफेसर सीमा जैन ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कॉलेज परिसर में वृहद पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों की कुल 18 मेधावी छात्राओं को उनकी असाधारण शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें विश्वविद्यालय स्तर पर शीर्ष स्थान पाने वाली कला संकाय की छात्राओं में हिंदी विभाग की कुमारी प्रियांशी, अंग्रेजी की कुमारी रिया, राजनीति विज्ञान की जोया रानी, समाजशास्त्र की कुमारी सना, ड्राइंग एंड पेंटिंग विभाग की नगमा नाज और वाणिज्य संकाय (कॉमर्स) की कुमारी विदुषी प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
इस दौरान राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आत्मनिर्भरता के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बेटियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ रोजगारपरक स्किल कोर्स (कौशल विकास) से जुड़ना चाहिए, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त होकर देश की उन्नति में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकें। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर एससी कुलश्रेष्ठ ने कहा कि जेकेपी की छात्राओं ने मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय में स्वर्ण पदक जीतकर न केवल अपने माता-पिता का, बल्कि पूरे मुजफ्फरनगर जनपद का नाम रोशन किया है।
इस दौरान डॉ. सविता वशिष्ठ, प्रोफेसर आभा सैनी, डॉ. मनीषा अग्रवाल, डॉ. वर्चसा सैनी, कुमारी अंजलि और कुमारी सैफी, राजेंद्र कुमार जैन, प्रवीन कुमार जैन और योगेंद्र कुमार जैन आदि शिक्षक मौजूद रहे।
Post Views: 111













Total views : 334538