
लोकपथ लाइव, गौतमबुद्धनगर। जेवर विधानसभा क्षेत्र के इतिहास में आज का दिन एक बड़े मील के पत्थर के रूप में दर्ज हो गया। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 10.50 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से निर्मित होने वाले विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम का वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस नए खेल केंद्र के निर्माण से स्थानीय व ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं के सपनों को एक नई और ऊंची उड़ान मिलने जा रही है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह हॉकी स्टेडियम केवल एक खेल परिसर का निर्माण नहीं है, बल्कि जनपद गौतमबुद्धनगर के युवाओं के सपनों, उनकी छिपी हुई प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने का एक मजबूत संकल्प है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित होने वाला यह स्टेडियम क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण तथा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में प्रदेश खेल के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। खेलों को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे ठोस प्रयासों का ही यह सुखद परिणाम है कि आज भारत के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि इस स्टेडियम का वास्तविक उद्देश्य उस दिन पूर्ण होगा, जब हमारे स्थानीय युवा यहाँ से कड़ा अभ्यास कर निकलेंगे और प्रदेश व देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करेंगे। यह स्टेडियम न केवल गौतमबुद्धनगर बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा प्रेरणा केंद्र साबित होगा।
भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ जेवर विधायक के साथ भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय फील्ड हॉकी खिलाड़ी रोमियो जेम्स, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी प्रमोद बाटला तथा भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर भाटी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस गौरवमयी क्षण के साक्षी बनने के लिए ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों (सीनियर सिटीजन) के साथ-साथ सरदार मंजीत सिंह, संजय प्रताप सिंह, मनोज गर्ग, हरेंद्र भाटी, मोहन सिंह, रामवीर सिंह, अमित भाटी, सुरेश शर्मा, अनिल शर्मा, आलोक सिंह, सुशील भाटी, डोरी लाल सिंह, सुधीर भाटी, योगेश भाटी, राजू भाटी, विकास सिंह, सूरज सिंह, अरविंद सिंह और राहुल नम्बरदार सहित सैकड़ों की संख्या में खेल प्रेमी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Post Views: 120













Total views : 333558