
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में बुधावार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत बाल वाटिका कक्षा-कक्ष उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य हरिकेश यादव ने विधिवत फीता काटकर इस नए कक्षा-कक्ष का शुभारंभ किया। इस विशेष अवसर पर अतिथियों द्वारा बाल वाटिका पत्रिका का विमोचन भी किया गया, जो बच्चों के रचनात्मक विकास की दिशा में एक अनूठा दस्तावेज साबित होगी।
कार्यक्रम में प्रभारी डीआईओएस हरिकेश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत बाल वाटिका बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को आनंददायी, गतिविधि-आधारित और बाल-केंद्रित बनाने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बाल्यावस्था में मिलने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही देखभाल ही बच्चों के सर्वांगीण विकास की असली आधारशिला होती है। यह बाल वाटिका कक्षा-कक्ष नौनिहालों को खेल-खेल में सीखने, अपनी रचनात्मकता को विकसित करने और विद्यालयी वातावरण से सहजता से जुड़ने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा। इस दौरान नोडल प्रवक्ता डॉ. प्रीति माथुर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में बाल वाटिका की अवधारणा और इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. पंकज वशिष्ठ, राजीव कुमार, डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, जितेंद्र सिंह, शिव प्रसाद, श्रीपाल, डॉ. पूनम, डॉ. बबीता तोमर, अंजलि, विनीता सहित भारी संख्या में शिक्षक एवं संस्थान के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Post Views: 119













Total views : 330662