
मुजफ्फरनगर, संवाददाता। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती रविवार को मुजफ्फरनगर जिले में उल्लास, उमंग और गहरी श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर मातेश्वरी देवी अहिल्याबाई होल्कर समिति के तत्वावधान में नगर क्षेत्र में एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इस भव्य यात्रा में 100 से अधिक ट्रैक्टरों के काफिले और आकर्षक झांकियों के साथ पाल-धनगर समाज सहित सर्वसमाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इससे पूर्व, सुबह के सत्र में अहिल्याबाई चौक पर सामूहिक हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें आहुति देकर देश और समाज की खुशहाली की कामना की गई।
इस दौरान कार्यक्रम में पहुंचे विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक दिग्गजों को समिति द्वारा सम्मानित किया गया, जिनमें मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, पूर्व सांसद कादिर राणा, दीप्ति पाल, सुप्रिया पाल और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल पाल, सपा नेता दर्शन सिंह धनगर, बसपा नेता कुलबीर पाल शामिल रहे। कार्यक्रम स्थल पर दिनभर हिंदुस्तान एग्रो की ओर से ठंडे पानी और शरबत की छबील लगाई गई, जिससे चिलचिलाती गर्मी में राहगीरों को बड़ी राहत मिली।
दोपहर तीन बजे कार्यक्रम के दूसरे सत्र में मुख्य आकर्षण भव्य शोभायात्रा रही। समिति के पदाधिकारियों के नेतृत्व में यह विशाल यात्रा कच्ची सड़क से शुरू होकर अंसारी रोड, शिवचौक, पाल धर्मशाला और आनंदपुरी जैसे शहर के व्यस्त और मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे देशभक्ति के गीतों और देवी अहिल्याबाई के जीवन दर्शन से जुड़े भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। लोकमाता के सामाजिक कार्यों को दर्शाती भव्य झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। सैकड़ों ट्रैक्टरों के अनुशासित काफिले ने इस यात्रा को बेहद ऐतिहासिक रूप दिया। शहरभर में भ्रमण करने के पश्चात यह शोभायात्रा वापस मां भगवती मंदिर परिसर में पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
यात्रा को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष डॉ. देशबंधु तोमर, संयोजक राजबीर सिंह, दर्शन धनगर, रोहताश पाल, पवन पाल, उमेश पाल, कुलबीर पाल, बबलू धनगर और नाथी राम ने मुख्य भूमिका निभाई। इसके साथ ही संदीप धनगर, अमित पाल सभासद, पुष्पांकर पाल, तरुण पाल, रामनिवास पाल, अमरनाथ पाल और सुप्रिया पाल आदि का विशेष सहयोग रहा।
शोभायात्रा के दौरान पुलिस रही मुस्तैद
मुजफ्फरनगर शहर में अहिल्याबाई शोभायात्रा की भव्यता और 100 से अधिक ट्रैक्टरों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सीओ सिटी के कुशल नेतृत्व में कच्ची सड़क, अहिल्याबाई चौक, मालवीय चौक, नावल्टी चौक, रुड़की रोड और शिवचौक समेत सभी प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने शोभायात्रा को सुरक्षित मार्ग देने के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखा, जिससे आम जनता को कोई असुविधा नहीं हुई।
Post Views: 150













Total views : 325135